खगड़िया : पूर्व फुटबॉलर व अधिवक्ता सुबोध सिंह का निधन, जताया शोक
खगड़िया में पूर्व फुटबॉलर सुबोध सिंह के निधन से शोक की लहर दौड़ गई है। हृदयाघात के बाद उन्हें पटना के अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनका निधन हो गया। जिला फुटबाल एसोसिएशन ने इसे खेल जगत की अपूरणीय क्षति बताया। सुबोध सिंह की खेल प्रतिभा और समर्पण ने उन्हें युवाओं के लिए प्रेरणा बना दिया।

खगड़िया, एक प्रतीनिधि जिले के मानसी हिरोज क्लब के पूर्व फुटबॉलर एवं अधिवक्ता सुबोध सिंह के निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके असामयिक निधन की खबर मिलते हीं खेल जगत, सामाजिक क्षेत्र तथा आमलोगों के बीच गहरा दुःख व्याप्त हो गया। वहीं जिला फुटबाल एसोसिएशन खगड़िया के अध्यक्ष अभय कुमार गुड्डू एवं क्षेत्र के खेलप्रेमियों और उनके शुभचिंतकों ने सोमवार को कहा कि उनका निधन खेल जगत की अपूरणीय क्षति है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कुछ दिनों पूर्व उन्हें अचानक हृदयाघात हुआ था। जिसके बाद परिजनों द्वारा उन्हें बेहतर उपचार के लिए पटना के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा था और परिवार सहित उनके चाहने वाले उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे थे, लेकिन रविवार की देर रात्रि इलाज के दौरान ही उनका निधन हो गया। उनके निधन की खबर फैलते हीं मानसी सहित आसपास के क्षेत्रों में शोक का माहौल छा गया। वहीं जिला फुटबाल एसोसिएशन के अध्यक्ष अभय कुमार गुड्डू ने कहा कि श्री सुबोध सिंह अपने समय के एक प्रतिभाशाली फुटबॉलर के रुप में जाने जाते थे। उन्होंने हिरोज क्लब मानसी के लिए लंबे समय तक फुटबॉल खेलते हुए अपनी खेल प्रतिभा का परिचय दिया। खेल के प्रति उनका समर्पण, अनुशासन और टीम भावना उन्हें अन्य खिलाड़ियों से अलग पहचान दिलाती थी। मैदान पर उनका प्रदर्शन हमेशा सराहनीय रहा और वे युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बने रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


