Bhagalpur News: अररिया: नेत्रदान का संकल्प निभाने वाले स्व. अर्जुन गोयल के परिवार को किया सम्मानित
Bhagalpur News: अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन ने फारबिसगंज शाखा की सदस्या कृष्णा गोयल के स्व. ससुर अर्जुन लाल गोयल को श्रद्धांजलि दी। स्व. गोयल ने नेत्रदान का संकल्प लिया था। उनके परिवार ने उनकी इच्छा का सम्मान करते हुए नेत्रदान किया। इस कार्य के लिए सम्मेलन ने सम्मान-पत्र प्रदान किया और इसे प्रेरणादायक बताया।

Bhagalpur News: फारबिसगंज से अंजनी गौतम की रिपोर्ट अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन की प्रांतीय पदाधिकारियों के फारबिसगंज शाखा दौरे के अवसर पर नेत्रदान जैसे महादान के लिए शाखा की सदस्या कृष्णा गोयल के स्व. ससुर अर्जुन लाल गोयल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिवार को सम्मानित किया गया। स्व. अर्जुन लाल गोयल ने अपने जीवनकाल में नेत्रदान का संकल्प लिया था। उनके निधन के बाद परिवार ने उनकी इच्छा का सम्मान करते हुए नेत्रदान की प्रक्रिया पूरी कराई। इस पुनीत एवं प्रेरणादायी कार्य के लिए अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन की ओर से सम्मान-पत्र प्रदान किया गया। कृष्णा गोयल की अनुपस्थिति में यह सम्मान उनकी ओर से संस्था को प्रदान किया गया।
प्रांतीय पदाधिकारियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि नेत्रदान श्रेष्ठ दान है। ऐसे मानवीय और प्रेरणादायी कार्य समाज के अन्य लोगों को भी नेत्रदान के लिए आगे आने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति के जाने के बाद उसकी आंखों से किसी दूसरे व्यक्ति के जीवन में रोशनी लौटना मानवता की बड़ी सेवा है। प्रांतीय पदाधिकारियों के दौरे और मार्गदर्शन से शाखा की सदस्यों में उत्साह एवं नई ऊर्जा का संचार हुआ। इस अवसर पर प्रांतीय अध्यक्ष वीणा चौधरी, प्रांतीय सचिव पूनम झुनझुनवाला, फारबिसगंज शाखाध्यक्ष अनिता अग्रवाल, सचिव सीए प्रीति अग्रवाल, कोषाध्यक्ष नीतू केडिया सहित विभिन्न प्रकल्प प्रमुख वीणा अग्रवाल, ज्योति अग्रवाल, सुनीता राजगरिया, गिरजा लोहिया, सोनू धानुका, ज्योति फिटकारीवाला, किरण गौतम आदि मौजूद थीं।


