Bhagalpur News: त्योहार को लेकर ट्रेनों की सभी श्रेणियों में आरक्षण फुल
Bhagalpur News: लंबी दूरी की ट्रेनों में भागलपुर आने के लिए नहीं मिल रहा आरक्षण त्योहार के

Bhagalpur News: भागलपुर, कार्यालय संवाददाता। आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए भागलपुर की तरफ आने वाले यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, सूरत और अहमदाबाद जैसी लंबी दूरी की प्रमुख ट्रेनों में सभी श्रेणियों स्लीपर से लेकर एसी कोच तक में आरक्षण पूरी तरह फुल हो चुका है। स्थिति यह है कि अक्टूबर-नवंबर में आने वाले बड़े त्योहारों के मद्देनजर अभी से नो-रूम की स्थिति बन गई है। भागलपुर आने वाली मुख्य ट्रेनों जैसे विक्रमशिला एक्सप्रेस और अंग एक्सप्रेस में लंबी वेटिंग लिस्ट चल रही है। यही हाल त्योहार के बाद भागलपुर से वापस महानगरों की ओर जाने वाली ट्रेनों का है। जहां एडवांस बुकिंग के तहत अधिकांश सीटों पर पहले ही बुकिंग हो चुकी है। यात्रियों को कंफर्म टिकट पाने के लिए भारी मशक्कत करनी पड़ रही है।
भीड़ कम करने के लिए कुछ स्पेशल ट्रेनों को किया गया नियमित
दबाव को कम करने के लिए गांधीधाम और मालदा टाउन जैसी कुछ चुनिंदा स्पेशल ट्रेनों के फेरे बढ़ाए हैं। लेकिन राजधानी नई दिल्ली और मुंबई जैसे व्यस्त रूटों पर अब तक कोई आधिकारिक फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन घोषित नहीं किए जाने से यात्रियों में रोष व्याप्त है। स्थानीय लोगों और प्रवासियों ने रेलवे बोर्ड से मांग की है कि यात्रियों की सुगम आवाजाही के लिए जल्द से जल्द विशेष ट्रेनें चलाई जाएं। पीआरओ रसराज माजी ने बताया कि आगामी त्योहार में स्पेशल ट्रेनें चलाने को लेकर रणनीति तैयार कर ली गई है। स्पेशल ट्रेन चलाने को लेकर सूची तैयार की जा रही है।


