खगड़िया : पारिवारिक कलह से तंग आकर एक युवक ने की खुदकुशी

हिन्दुस्तान, भागलपुर
Follow us on Google News
share

कुणाल कुमार की रिपोर्ट पति-पत्नी के बीच का मामूली विवाद इस कदर तूल पकड़ेगा

खगड़िया : पारिवारिक कलह से तंग आकर एक युवक ने की खुदकुशी

कुणाल कुमार की रिपोर्ट पति-पत्नी के बीच का मामूली विवाद इस कदर तूल पकड़ेगा कि किसी की जान पर बन आएगी, ऐसा किसी ने सोचा नहीं था। जिले के पसराहा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जहां पारिवारिक कलह से तंग आकर एक युवक ने ट्रेन से कटकर खुदकुशी कर ली। कटिहार-बरौनी रेलखंड के पसराहा गांव स्थित रेलवे गुमटी के पोल संख्या 95/11 और 95/13 के बीच रविवार को एक युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान थाना क्षेत्र के छोटी पसराहा वार्ड0-3 के जगत सिंह के नाती मशहूर टावर फिटर 35 वर्षीय सुमन सिंह उर्फ सुमो के रूप में हुई है।

बताया गया कि मृतक मूल रूप से जिले के परबत्ता थाना क्षेत्र अंतर्गत सलारपुर गांव निवासी स्व. कपिलदेव सिंह का पुत्र था। जो अपने ननिहाल पसराहा वार्ड संख्या-3 में ही स्थाई रूप से बस गया था। ​परिजनों ने बताया कि सुमन का अपनी ही पत्नी काजल कुमारी के साथ पिछले कुछ दिनों से विवाद चल रहा था। यह विवाद इस कदर बढ़ गया कि गत 3 जून को दोनों के बीच जमकर मारपीट हुई। जिसमें काजल गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल पत्नी का इलाज गोगरी अनुमंडल अस्पताल में कराया गया। काजल ने अपने पति सुमन के खिलाफ पसराहा थाने में लिखित आवेदन भी दिया था। पत्नी अपने मायके चली गई थी। घरेलू कलह से परेशान सुमन शनिवार की देर रात करीब 11 बजे अपने ससुराल सोनडीहा पहुंच गया और वहां जमकर हंगामा करने लगा। दामाद के उग्र रूप को देख ससुर जंतरी सिंह ने तुरंत आपातकालीन सेवा डायल-112 पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस सुमन को अपने साथ गाड़ी में बिठाकर ले गई, लेकिन चर्चा है कि पुलिस ने उसे रास्ते में ही कहीं छोड़ दिया। ​पुलिस की गिरफ्त से छूटने के बाद सुमन घर नहीं पहुंचा और रविवार सुबह सीधे रेलवे ट्रैक पर उसका शव बरामद हुआ। सुबह ट्रैकमैन ने ट्रैक पर शव को देखकर इसकी सूचना पसराहा रेलवे स्टेशन मास्टर को दी। स्टेशन मास्टर ने घटना का मेमो पसराहा थाना को दिया। पसराहा स्टेशन पर तैनात रेल पुलिस बल के शशिकांत उपाध्याय ने बताया कि रेलवे ट्रैक पर शव की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस अवर निरीक्षक सह पसराहा थानाध्यक्ष दल बल के साथ मौके पर पहुंचे। महेशखूंट जी आर पी के समक्ष पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव को अपने कब्जे में ले पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल खगड़िया भेज दिया। मृतक के बड़े भाई लालू सिंह व बहन पूनम कुमारी ने बताया कि अगर पुलिस उसे रास्ते में नहीं छोड़ती,हाजत में बंद कर देती या घर पहुंचा देती तो सुमन आज जिंदा होता। हिरासत से छूटने के बाद अचानक हुई इस मौत ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिससे इलाके में तरह-तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म है। इधर थानाध्यक्ष राजीव कुमार रंजन ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर छानबीन की जा रही है। पोस्टमार्टम कर शव को परिजनों को सौंप दिया गया है। मृतक अपने पीछे अपनी पत्नी और तीन मासूम बच्चों को रोते बिलखते छोड़ गए। घर के जवान कमाऊ सदस्य की मौत से परिजनों का रो- रोकर बुरा हाल है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।