वाहन से बचने में भैंस से टकराया बाइक चालक, हुई मौत, दो सवार गंभीर
खरीक रेलवे स्टेशन के पश्चिमी रेलवे केबिन के समीप हुआ हादसा सभी शादी समारोह समाप्त

खरीक थाना के खरीक रेलवे स्टेशन के पश्चिमी रेलवे केबिन के समीप रविवार की अहले सुबह एक हृदयविदारक घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसी परिवार के दो लोग घायल हो गए। घायलों में मृतक की भाभी कंचन देवी और भतीजी अर्चना कुमारी शामिल हैं। परिजनों ने बताया कि एक गाड़ी से बचने के दौरान बाइक चालक भैंस से टकरा गए, जिसके कारण बाइक पर सवार चालक सहित तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और भैंस की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही खरीक थाना के जेएसआई विक्रम कुमार एवं यातायात थानाध्यक्ष सुजीत कुमार वारसी दलबल के साथ घटनास्थल पहुंचे और तीनों घायलों को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल नवगछिया भेजा।
अस्पताल जाते समय बाइक चालक रंगरा थाना क्षेत्र के सहौड़ा गांव निवासी मनोज कुमार (36), पिता बनवारी सिंह की तेतरी के समीप रास्ते में ही मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल एवं भैंस को मवेशी अस्पताल भेजा। घायल कंचन देवी एवं अर्चना कुमारी का अनुमंडलीय अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के ग्रामवासी सह भाजपा जिलाध्यक्ष मुक्ति सिंह ने शव का पोस्टमार्टम करवाया। सूचना मिलते ही घर में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार मृतक की एक भतीजी विश्हरपुरा में अपनी फूफा के यहां रहती थी, जिसकी शनिवार रात शादी थी। शादी समारोह समाप्त होने के बाद मृतक अपनी भाभी और भतीजी के साथ बाइक से अपने घर सहौड़ा लौट रहे थे कि रास्ते में सड़क हादसे का शिकार हो गए। मृतक के दो पुत्र आशीष कुमार (10), कार्तिक कुमार (07) एवं दो पुत्रियां निशा कुमारी (14) व नंदनी कुमारी (12) हैं। घटना के बाद से मृतक की पत्नी और चारों बच्चे सहित पूरा परिवार रो-रोकर बुरा हाल है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



