Bhagalpur News: सुपौल: अज्ञात वाहन की चपेट में आने से व्यक्ति की मौत
Bhagalpur News: राघोपुर से ब्रजेश कुमार की रिपोर्ट राघोपुर थाना क्षेत्र के राघोपुर पंचायत वार्ड संख्या-2

Bhagalpur News: राघोपुर से ब्रजेश कुमार की रिपोर्ट राघोपुर थाना क्षेत्र के राघोपुर पंचायत वार्ड संख्या-2 स्थित एनएच-106 पर गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में कामेश्वर खिड़हरी (48) की मौत हो गई। इंटर कॉलेज के समीप रात करीब साढ़े आठ से नौ बजे के बीच एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया। मृतक कामेश्वर खिड़हरी अपने घर के सामने एक ग्राहक का अनाज देख रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। गंभीर रूप से घायल कामेश्वर को परिजनों और स्थानीय लोगों ने तत्काल रेफरल अस्पताल राघोपुर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, मधेपुरा रेफर कर दिया गया।हालांकि,
शुक्रवार तड़के करीब 12 बजे श्यामनगर के समीप रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। के.एन. डिग्री कॉलेज के प्राचार्य प्रमोद कुमार ने बताया कि उनके चाचा कामेश्वर खिड़हरी की मौत अज्ञात वाहन की टक्कर से हुई है। परिजनों ने शव को रात करीब ढाई बजे घर वापस लाया। शुक्रवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के घर पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कामेश्वर अपने पीछे पत्नी चंद्रकला देवी और दो छोटे बेटों सत्यम कुमार (12 वर्ष) एवं शिवम कुमार (10 वर्ष) को छोड़ गए हैं। परिवार के मुखिया की असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।राघोपुर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान और दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है।

