
कटिहार : अनियंत्रित टोटो पलटी, एक की मौत
सोमवार की सुबह कुरसेला में सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। कमली यादव, जो अपनी बेटी के घर लौट रहे थे, ने सड़क पार कर रहे बच्चे को बचाने की कोशिश में टोटो को अनियंत्रित कर दिया। उन्हें गंभीर चोटें आईं और अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई।
कुरसेला, निज प्रतिनिधि। एसएच-77 पर डुमरिया महंथ स्थान के निकट सोमवार की सुबह सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, बच्चे को बचाने के दौरान अनियंत्रित होकर टोटो पलट गया, जिसमें दबकर एक यात्री की जान चली गई। मृतक की पहचान थाना क्षेत्र के बल्थी महेशपुर निवासी 50 वर्षीय कमली यादव के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि कमली यादव अपनी बेटी के घर धूसर से लौट रहे थे। इसी दौरान महंथ स्थान से आगे बढ़ने पर सड़क पार कर रहे बच्चे को बचाने के प्रयास में टोटो अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कमली यादव गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें उसी टोटो पर लादकर कुरसेला पीएचसी लाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए कटिहार मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। पीएचसी से एंबुलेंस द्वारा कटिहार ले जाने के क्रम में समेली के पास उन्होंने दम तोड़ दिया। मृतक कुरसेला चौक पर स्टैंड किरानी का काम कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। अचानक हुई इस दुर्घटना से परिवार और स्थानीय लोगों में शोक की लहर है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कटिहार भेज कर आगे की कार्रवाई में जुटी थी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


