जमुई : ट्रैक्टर-टोटो की टक्कर में सवारियां व चालक समेत तीन घायल,रेफर
झाझा में सोमवार को एक ट्रैक्टर ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी, जिससे चालक और दो सवारियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से गंभीर स्थिति के चलते उन्हें जमुई के सदर अस्पताल रेफर किया गया। हादसा ट्रैक्टर चालक की लापरवाही से हुआ बताया जा रहा है।

झाझा,निज संवाददाता जमुई-देवघर एनएच 333 पर झाझा नप क्षेत्र स्थित पेट्रोल पंप के समीप सोमवार के अपराह्न एक ट्रैक्टर द्वारा ई-रिक्शा को ठोकर मार देने की घटना सामने आई है। उक्त सड़क हादसे में ई-रिक्शा पर सवार दो सवारियों व चालक,कुल तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तत्काल बाद ही स्थानीय लोगों एवं समाजिक कार्यकर्ता गौरव सिंह राठौड़ आदि ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें इलाज को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचवाया। मौके पर मौजूद चिकित्सक डॉ.नवाब इकबाल अख्तर ने प्राथमिक उपचार के बाद भी घायलों की स्थिति गंभीर बने रहने के मद्देनजर उनको और बेहतर इलाज की जरूरत देखते हुए तीनों घायलों को जमुई के सदर अस्पताल रेफर कर दिया बताया है।
घायलों की पहचान कानन गांव के प्रमोद पासवान एवं प्रकाश पासवान,जो कि आपस में रिश्तेदार बताए जाते हैं,के अलावा हरहंजा गांववासी टोटो चालक युवक अरूण कुमार के रूप में होने की बात बताई जाती है। स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा ट्रैक्टर चालक की लापरवाही की वजह से हुआ था जिसने विपरीत दिशा से आते हुए टोटो को जबर्दस्त रूप से ठोक डाला था। लोगों ने बताया कि घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया था। इस बीच पुलिस मामले की जांच कर रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



