
खगड़िया : ननिहाल आए बालक की स्नान के दौरान गड्ढे में डूबकर मौत
खगड़िया जिले के मानसी नगर पंचायत के वार्ड 10 में स्नान के दौरान एक 9 वर्षीय बालक अविनाश कुमार की डूबकर मौत हो गई। वह चार-पांच अन्य बच्चों के साथ स्नान कर रहा था। गहरे पानी में चले जाने के बाद उसे...
खगड़िया। जिले के मानसी नगर पंचायत के वार्ड 10 खुटिया रिटायर रेलवे लाइन के पास स्नान के दौरान शुक्रवार को एक बालक की डूबकर मौत हो गई। मृतक भागलपुर जिले के नवगछिया थानान्तर्गत तुलसीपुर गांव निवासी विभाष यादव का नौ वर्षीय पुत्र अविनाश कुमार बताया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार अविनाश चार-पांच अन्य बच्चों के साथ स्नान कर रहा था। स्नान के दौरान गहरे पानी में चले जाने से डूबकर उसकी मौत हो गई। वही लोगों ने उसके साथ डूब रहे दो अन्य बच्चों को सुरक्षित गड्ढे से बाहर निकाल लिया। काफी मशक्कत के बाद जब तक उसे बाहर निकाला गया उसकी मौत हो गई थी।

इसके बाद आनन फानन में उसे मानसी सीएचसी परिजनों द्वारा ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने भी जांचोपरांत उसे मृत घोषित कर दिया। खुटिया निवासी उसका मामा दयानंद यादव ने बताया कि एक पखवाड़ा पहले ही वह ननिहाल आया था। वह अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। उसकी मौत के बाद अब दो बहन बची है। घटना की सूचना के बाद मानसी नगर पंचायत के उपमुख्य पार्षद पप्पू कुमार सुमन, वार्ड पार्षद हीरालाल यादव, सामाजिक कार्यकर्ता पवन कुमार हीरा आदि ने मृतक के परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की। वही अंचलाधिकारी से मृत बालक के आश्रित को शीघ अनुग्रह राशि देने की मांग की है। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इधर थानाध्यक्ष परेन्द्र कुमार ने बताया कि सदर अस्पताल में शव पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




