
झंडापुर में पानी भरे गड्ढे में मिला पूर्व सैनिक का शव
सोमवार को दानापुर जाने की बात कहकर निकला था युवक ग्रामीणों ने मौत को संदिग्ध
बिहपुर, संवाद सूत्र। झंडापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग 31 स्थित महंत स्थान के पास शुक्रवार की सुबह पानी से भरे गड्ढे में युवक का शव उपलाता मिलने से सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर सर्किल इंस्पेक्टर महेश कुमार, झंडापुर थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार, एसआई लक्ष्मण साह, बिहपुर थाना के एएसआई विद्यानंद तिवारी पुलिस बल के साथ पहुंचे। शव की पहचान बिहपुर प्रखंड के धरमपुररत्ती पंचायत, वार्ड संख्या छह निवासी सच्चिदानंद उर्फ कारे चौधरी के पुत्र 42 वर्षीय पुत्र गुंजन चौधरी के रूप में हुई। स्थानीय लोगों ने बताया कि गुंजन सोमवार को घर से दानापुर जाने की बात कहकर निकले थे, लेकिन उसके बाद उनका कोई पता नहीं चला।
परिजनों ने बताया कि गुंजन चौधरी पहले भारतीय सेना में इन्फेंट्री ट्रेड में कार्यरत थे। उन्होंने लगभग पांच साल तक सेवा दी थी। परिजनों के अनुसार गुंजन ने कुछ निजी कारणों से स्वयं सेना छोड़ दी थी। परिवार ने कई बार उन्हें वापस सेवा ज्वाइन करने के लिए समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माने। परिजन बताते हैं कि सेना से आने के बाद वह कभी-कभी बाहर काम करने जाते थे, लेकिन नियमित रूप से कोई रोजगार नहीं था। ग्रामीण घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। कई लोगों का कहना है कि सोमवार से लापता चल रहे व्यक्ति का शव शुक्रवार को पानी भरे गड्ढे में मिलना कई सवाल खड़े करता है। थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया भेज दिया गया है। वहां से भागलपुर भेज दिया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। मृतक के पिता के आवेदन पर यूडी केस दर्ज कर लिया गया है। मृतक के घर पर उनकी पत्नी आभा देवी,मां आशा देवी और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के दो बच्चे हैं, पुत्री मुस्कान कुमारी, जो स्नातक की तैयारी कर रही है, जबकि पुत्र अनुकूल राज इंटर की तैयारी कर रहा है। मौके पर जिला पार्षद प्रतिनिधि चंदन भारद्वाज ने कहा गुंजन चौधरी बहुत मिलनसार व्यक्ति थे उसके अचानक हुई ऐसी घटना ने झकझोर कर रख दिया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




