
किशनगंज: नैनभिट्ठा गांव में नवजात का शव बरामद, ग्रामीणों में आक्रोश
दिघलबैंक थाना क्षेत्र के नैनभिट्ठा गांव में 13 दिन के नवजात शिशु का शव पुआल के ढेर से बरामद हुआ। शिशु के शरीर पर चोट के निशान हैं, जिससे हत्या का संदेह गहराया है। परिवार ने बच्चे की तलाश की, लेकिन शव गुरुवार सुबह मिला। पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है।
दिघलबैंक, एक संवाददाता। दिघलबैंक थाना क्षेत्र के नैनभिट्ठा गांव में गुरुवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब घर से लापता हुए 13 दिन के नवजात शिशु का शव पुआल के ढेर से बरामद किया गया। शिशु के शरीर पर चोट के कई निशान मिले हैं, जिससे उसकी निर्मम हत्या की आशंका गहराई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की तफ्तीश तेज कर दी है। घटना बुधवार दोपहर की बताई जा रही है।नैनभिट्ठा निवासी बिमल कुमार गणेश का नवजात शिशु घर के आंगन में पलना में सो रहा था। दोपहर करीब 12 बजे परिवार की महिलाएं रसोई व अन्य कार्यों में व्यस्त थीं।

इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने बच्चे को पलना से उठा लिया। कुछ देर बाद जब मां बच्चे को दूध पिलाने पहुंची, तो पलना खाली मिला। परिवार ने तुरंत खोजबीन शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। शाम होते-होते परिजनों ने दिघलबैंक थाना को इसकी सूचना दी।सूचना पर पुलिस टीम देर रात तक खोज में जुटी रही, लेकिन सफलता नहीं मिली। गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने घर से थोड़ी दूरी पर पुआल के ढेर में नवजात का शव देखा, जिसके बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश फैल गया।दिघलबैंक थानाध्यक्ष बिपिन कुमार ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेकर जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट होता है कि किसी ने बच्चे की हत्या कर शव को रात के अंधेरे में पुआल के ढेर में छिपाया है। उन्होंने कहा कि दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।गांव में इस दर्दनाक घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। मौके पर मौजूद लोगों की मानें तो वे लोग अपने जीवन काल में पहली बार ऐसी वारदात को देख रहे हैं।जहां एक नवजात की हत्या आसपास के हीं किसी अनजान द्वारा कर दियय जाता है।लोग घटना को लेकर स्तब्ध हैं और पीड़ित परिवार सदमें में है।दूसरी ओर ग्रामीणों में गहरा रोष है और लोग पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द आरोपी की गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




