Bhagalpur News: तालाब में डूबने से मजदूर की मौत, साथियों पर हत्या का आरोप
Bhagalpur News: शिवनारायणपुर थाना क्षेत्र के लोगांय गांव में हुई घटना लोगांय बहियार स्थित पोखर में तीनों

Bhagalpur News: कहलगांव, निज प्रतिनिधि। शिवनारायणपुर थाना क्षेत्र के लोगांय गांव में सोमवार को तालाब में डूबने से 35 वर्षीय मजदूर पांचों साह की मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने उसके साथ रहे दो मजदूरों पर डुबोकर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना की सूचना पर पुलिस के साथ एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य एकत्र किए। बताया जाता है कि सोमवार की सुबह करीब सात बजे लोगांय गांव के रवि पासवान और पांचों साह, रामपुर गांव के दिलखुश कुमार रमजानीपुर गांव निवासी निवास यादव के कद्दू वाहन पर लदकर लोगांय की ओर जा रहे थे। इसी दौरान लोगांय बहियार स्थित तालाब में तीनों स्नान करने लगे। स्नान के दौरान पांचों साह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। तालाब के पास मौजूद गांव के युवक राहुल ने घटना की सूचना पांचों के परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीण गोताखोरों की मदद से पांचों को तालाब से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद परिजनों ने उसके दोनों साथियों पर डुबोकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। स्थिति को देखते हुए दोनों साथी मौके से भाग गए.
पुलिस कार्रवाई
घटना की सूचना पर शिवनारायणपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे। एफएसएल की टीम ने भी घटनास्थल की जांच की। परिजनों ने आरोपित दोनों साथियों की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने समझा-बुझाकर परिजनों को शांत कराया और कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिवार में पत्नी सुनीता देवी के अलावा दो पुत्रियां और एक पुत्र हैं। घटना के बाद पत्नी, बच्चों और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था.
मामले की जांच
थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथमदृष्टया डूबने से मौत होना प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट होगा परिजनों की ओर से अभी लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। मंगलवार को आवेदन देने की बात कही गई है। आवेदन मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई करेगी.


