Bhagalpur News: अररिया: करंट से 30 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत, मचा कोहराम
Bhagalpur News: अररिया के जमुआ वार्ड संख्या-08 में एक 30 वर्षीय महिला, बेगम खातून, करंट की चपेट में आने से मृत हो गई। यह घटना तब हुई जब वह अपने दरवाजे से पशु को गोहाली ले जा रही थी। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों में कोहराम मच गया है।

Bhagalpur News: अररिया से फुलेंद्र की रिपोर्ट अररिया सदर प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत ताराबाबाड़ी थाना क्षेत्र के जमुआ वार्ड संख्या-08 में गुरुवार की देर शाम करंट की चपेट में आने से एक 30 वर्षीया महिला की दर्दनाक मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब महिला दरवाजे से पशु को गोहाली ले जा रही थी। हादसे के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई और आनन-फानन में महिला को सदर अस्पताल अररिया लाया गया, जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतका बेगम खातून जमुआ वार्ड संख्या-08 निवासी मो जुबेर की पत्नी थी। परिजनों के अनुसार गुरुवार की देर शाम बेगम खातून दरवाजे पर पशु को अंदर गोहाली ले जा रही थीं।
इसी दौरान वह 220 वोल्ट के बिजली तार की चपेट में आ गईं। करंट लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ीं। आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे परिजनों और स्थानीय लोगों ने तत्काल उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया ले गया। सदर अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. पंकज कुमार सिंह ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। डॉ. सिंह ने बताया कि बेगम खातून को लेकर परिजन अस्पताल पहुंचे थे। प्रारंभिक जांच के दौरान महिला की न तो पल्स मिल रही थी और न ही हार्ट बीट चल रहा था। ईसीजी जांच भी कराई गई, जिसमें किसी प्रकार की गतिविधि नहीं मिलने पर महिला को मृत घोषित कर दिया गया। मृतका के रिश्तेदार मोहम्मद साबिर ने बताया कि बेगम खातून रोज की तरह पशुओं को गोहाली के अंदर कर रही थीं, तभी वह बिजली तार की चपेट में आ गईं। महिला की मौत की खबर मिलते ही सदर अस्पताल परिसर में परिजनों के बीच कोहराम मच गया। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था। इधर ताराबाड़ी थानेदार रंजीत कुमार ने बताया कि अभी तक उन्हें घटना की कोई सूचना नहीं है। जानकारी मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


