खगड़िया : ट्रक पर मक्का लोडिंग के दौरान हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आने से उत्तरप्रदेश के एक किशोर
चौथम थाना क्षेत्र में करुआमोड़ पर मक्का लोड करते समय 17 वर्षीय अजय कुमार राजपूत की हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के समय वह ट्रक पर मक्का के बोरे को व्यवस्थित कर रहा था। उसे गंभीर रूप से झुलसने के बाद अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

रवि शंकर कुमार की रिपोर्ट चौथम थाना क्षेत्र अंतर्गत करुआमोड़ में शनिवार को ट्रक पर मक्का लोड करने के दौरान हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में उत्तरप्रदेश के एक 17 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिलान्तर्गत अंतर्गत चौगानपुर गांव निवासी वीरपाल सिंह का 17 वर्षीय पुत्र अजय कुमार राजपूत के रूप में की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार वीरपाल सिंह अपने पुत्र अजय कुमार के साथ ट्रक लेकर करुआमोड़ स्थित धर्मकांटा पर मक्का लोड कराने पहुंचे थे। बताया जाता है कि मक्का लोडिंग के दौरान दोनों पिता-पुत्र ने खाना खाया।
और उसके बाद ट्रक पर रखे मक्का के बोरे को व्यवस्थित करने लगे। इसी क्रम में अजय कुमार ट्रक के ऊपर चढ़कर बोरे को ठीक कर रहा था। तभी ट्रक के ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में वह आ गया। करंट लगते ही किशोर जोरदार झटके के साथ ट्रक से नीचे गिर पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करंट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि युवक गंभीर रूप से झुलस गया। घटना में उसका शरीर बुरी तरह झुलस1गया। मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से किशोर को आनन-फानन में इलाज के लिए चौथम सीएचसी ले जाया गया। जहां चिकित्सक डॉ. अनिल कुमार ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही मृतक के पिता के चीख-पुकार से पूरा माहौल गमगीन हो गया । वहीं धर्मकांटा परिसर में भी लोगों की भारी भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि हाईटेंशन तार ट्रक के काफी नजदीक से गुजर रहा था। जिससे हमेशा हादसे की आशंका बनी रहती है। घटना की सूचना मिलने पर चौथम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। इधर थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस घटना की छानबीन कर रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


