ट्रैक्टर से टक्कर के बाद जर्जर पोल युवक के ऊपर गिरा, मौत
सजौर थाना क्षेत्र के ब्राह्मण टोला, करहरिया में हुई घटना गुरुवार को ट्रैक्टर विक्रम झा

सजौर थाना क्षेत्र के करहरिया ब्राह्मण टोला में गुरुवार की सुबह बालू उतारने के दौरान एक जर्जर बिजली का पोल गिरने से एक युवक की मौत हो गई। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था और अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान विक्रम कुमार झा (18 वर्ष), पिता प्रिंस झा, निवासी ब्राह्मण टोला, करहरिया के रूप में हुई। उसके पिता पंजाब में एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करते हैं और गुरुवार को ही गांव लौट रहे थे। उन्होंने घर में कुछ काम के लिए बालू मंगवाने को कहा था।
गुरुवार की सुबह एक ट्रैक्टर चालक दो ट्रेलर बालू उतार चुका था। तीसरा ट्रेलर बालू गिराने के दौरान ट्रैक्टर जर्जर हालत में खड़े बिजली के पोल से टकरा गया। उस समय विक्रम कुमार झा घर के दरवाजे से निकल रहा था। टकराव के कारण पोल टूटकर युवक के सिर और गर्दन पर गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।परिजनों ने तुरंत उसे ऑटो से मायागंज अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। विक्रम इंटर कॉलेज, नाथनगर में पढ़ाई करता था और इसी साल उसने इंटर की परीक्षा दी थी। वह परिवार में दो भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था तथा पढ़ाई-लिखाई में बहुत मेधावी और होनहार छात्र माना जाता था। इस अचानक हुई घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और सन्नाटा छा गया है। सजौर थाना प्रभारी राजेश रंजन ने बताया कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया और परिजनों को सौंप दिया गया है। परिजनों के आवेदन मिलने पर घटना में विधिवत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


