
बाइक की टक्कर से महिला की मौत, मासूम पुत्र गंभीर रूप से घायल
रसलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पकड़तल्ला गांव के पास एनएच 80 पर हुआ हादसा मां-बेटे को
रसलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पकड़तल्ला गांव के पास एनएच 80 पर रविवार की देर शाम बाइक की टक्कर से गंभीर रूप से घायल महिला की उपचार के दौरान मायागंज अस्पताल, भागलपुर में मौत हो गई। हादसे में महिला का तीन वर्षीय मासूम पुत्र भी गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसका इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार रविवार की शाम महिला अपने पुत्र के साथ पकड़तल्ला गांव के पास एनएच 80 सड़क किनारे खड़ी थी। इसी दौरान भागलपुर की ओर से तेज गति से आ रही बाइक ने दोनों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में प्रकाश दास की पत्नी रेणु देवी (30) और उनका पुत्र शुभम कुमार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
दोनों को पहले अनुमंडल अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देख भागलपुर रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान रेणु देवी की मौत हो गई। घटना में बाइक चालक और सवार भी घायल हुए हैं। दोनों की पहचान कहलगांव थाना क्षेत्र के लदमा गांव निवासी हिमांशु कुमार और अभिषेक कुमार के रूप में की गई है। जिनका इलाज अनुमंडल अस्पताल में कराया गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने हादसे के बाद बाइक को जब्त कर लिया। सोमवार की सुबह बाइक लेने पहुंचे एक अन्य युवक की बाइक भी ग्रामीणों ने जब्त कर रख ली। रेणु देवी की मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। परिजनों और विशेषकर उनके पुत्र-पुत्रियों के रोने-बिलखने से माहौल हृदयविदारक हो गया। मृतका को तीन पुत्रियां और दो पुत्र हैं। देर शाम पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचा है। घटना को लेकर परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश देखा गया तथा पुलिस के प्रति भी नाराजगी जाहिर की गई। रसलपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि उपचार के दौरान महिला की मौत की सूचना मिली है और शव पोस्टमार्टम के बाद घर भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




