
एनएच 31 पर तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आकर बाइक सवार की मौत
खरीक थाना क्षेत्र के बगड़ी चौक के समीप मंगलवार की देर रात हुआ हादसा जानू
खरीक थाना क्षेत्र के एनएच-31 पर बगड़ी चौक के समीप मंगलवार की देर रात एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में खगड़िया के चित्रगुप्तनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत आवास बोर्ड कॉलोनी निवासी जानू कुमार (17), पिता कमलेश्वरी पंडित की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक 12वीं कक्षा का छात्र था। वह अपने माता-पिता का सबसे छोटा बेटा था और उसके दो भाई तथा तीन बहनें हैं। घटना के बाद से पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजन रो-रोकर बेहाल हैं। जानकारी के अनुसार, जानू कुमार देर रात भागलपुर के मायागंज अस्पताल में अपने बीमार दोस्त के परिवार से मिलने गया था।
वापसी में वह अकेले बाइक से घर लौट रहा था, तभी यह हादसा हो गया। सूचना मिलते ही खरीक थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर नरेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मामले में अज्ञात वाहन के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर चालक और वाहन की तलाश शुरू कर दी गई है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




