Bhagalpur News: सड़क पर दौड़ लगा रहे तीन युवक को ट्रैक्टर ने रौंदा, एक की मौत दो घायल

हिन्दुस्तान, भागलपुर
Follow us on Google News
share

Bhagalpur News: खरीक थाना क्षेत्र के 14 नंबर सड़क पर स्थित गंगाधर बाबा स्थान के पास हुआ

Bhagalpur News: सड़क पर दौड़ लगा रहे तीन युवक को ट्रैक्टर ने रौंदा, एक की मौत दो घायल

Bhagalpur News: नवगछिया, निज संवाददाता। खरीक थाना क्षेत्र की 14 नंबर सड़क पर मंगलवार की सुबह गंगाधर बाबा स्थान के पास बालू-मिट्टी लोड बेकाबू ट्रैक्टर ने सड़क पर दौड़ लगा रहे तीन युवक को कुचल दिया, जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान खरीक थाना क्षेत्र जमालदीपुर वार्ड नंबर-03 निवासी मंचन कुमार (20), पिता गोकुल मंडल के रूप में हुई। जबकि, घायल की पहचान मृतक के पड़ोसी दिलखुश कुमार (19), पिता स्व. बैजनाथ सिंह और आशीष कुमार (22), पिता हीरालाल सिंह के रूप में हुई। आक्रोशित ग्रामीणों ने सुबह सात बजे शव को लत्तीपुर चौक पर रख दिया और बांस-बल्ला लगाकर सड़क जाम कर दिया।

घटना की जानकारी पर पहुंचे परिजनों और ग्रामीणों ने तीनों युवकों को खरीक सीएचसी पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने एक युवक के मृत होने की पुष्टि की। जबकि शेष दोनों युवकों को इलाज के बाद सीएचसी से छुट्टी दे दी। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने टायर जलाकर भी विरोध-प्रदर्शन किया एवं पुलिस-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मामले की जानकरी होने पर खरीक थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर नरेश कुमार, बिहपुर थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर संतोष कुमार शर्मा, यातायात थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर सुजीत कुमार, खरीक सीओ प्रवीण कुमार वत्स, बीडीओ मोना कुमारी सोनी, बीपीआरओ नागेश्वर प्रसाद समेत अन्य कई पदाधिकारी भारी संख्या में पुलिस बलों के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर शांत करने का प्रयास किया, लेकिन लोग मानने को तैयार नहीं हुए और डीएम-एसपी को बुलाने की मांग पर अड़े रहे। इसके बाद नवगछिया एसडीओ रोहित कर्दम एवं एसडीपीओ अनिकेत अमर मौके पर पहुंचे एवं ग्रामीणों से बातचीत शुरू की। इस दौरान ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने, ट्रैक्टर चालक एवं अवैध रूप से मिट्टी का खनन कराने वाले माफिया के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने, अवैध खनन पर पूर्ण रूप से रोक लगाने समेत अन्य कई मांगें रखीं। जिसपर अधिकारियों ने साकारात्मक आश्वासन दिया। जिसके बाद दोपहर 12:47 बजे ग्रामीण शांत हुए। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल नवगछिया भेजा। इस दौरान करीब छह घंटे तक सड़क पर जाम लगा रहा। एसडीओ ने बताया कि पीड़ित परिवार के साथ पूरा पुलिस-प्रशासन खड़ा है। कानून को हाथ में लेने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई होगी। वहीं, एसडीपीओ अनिकेत अमर ने बताया कि ग्रामीणों के सभी आरोपों की जांच कर दोषी पर कार्रवाई होगी।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।