
जमुई: अवैध बालू लेकर जा रहा ट्रैक्टर पलटा,एक मजदूर की मौत
चकाई में एक ट्रैक्टर अवैध बालू लेकर तेज रफ्तार में जा रहा था, जो अनियंत्रित होकर गड्ढे में गिर गया। इस दुर्घटना में ट्रेलर पर सवार 17 वर्षीय आदित्य पासवान की मौत हो गई, जबकि चालक घायल हो गया। मृतक के...
चकाई। चकाई -कियाजोरी पथ में मिशन चौक के समीप रविवार की अहले सुबह अवैध बालू लेकर तेज रफ्तार में जा रहा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरा।जिससे ट्रैक्टर का ट्रेलर पलट कर दुर्घटना ग्रस्त हो गया। इस दुर्घटना में ट्रेलर पर सवार एक मजदूर की बालू के नीचे दबकर मौत हो गई। जबकि ट्रैक्टर चालक घायल बताया जाता है।मृतक मजदूर की पहचान चकाई थाना क्षेत्र के झगरूडीह गांव निवासी गणेश पासवान के 17 वर्षीय पुत्र आदित्य कुमार पासवान एवं घायल चालक की पहचान रंजीत पासवान के रूप में हुई है। मृतक के पिता गणेश पासवान ने बताया कि शनिवार की देर रात्रि लगभग 1 बजे गांव के ही तीन चार युवक आए तथा उसके पुत्र को बालू भरने की बात कहकर अपने साथ ले जाने लगे।

इस दौरान मृतक ने जाने से मना किया। इसके बावजूद भी उक्त सभी लोग उसे अपने साथ लेकर चले गए। इस बीच बालू लादकर जब तेज रफ्तार ट्रैक्टर मिशन चौक स्थित पुलिया के समीप पहुंची तो गाड़ी पलट कर पुलिया के नीचे गिर गई।जिससे बालू लदे ट्रेलर में बैठा आदित्य पासवान बालू लदे ट्रेलर के नीचे दब गया । घटना के बाद आस पास के लोग मौके पर पहुंचे तब जेसीबी की मदद से बालू के नीचे दबे मजदूर को बाहर निकाला गया। उसे इलाज के लिए देवघर ले जाने के क्रम में रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। युवक की मौत से उसके परिजनों में कोहराम मच गया। मामले की जानकारी मिलने के बाद चकाई पुलिस घटनास्थल पर पहुंचे तथा दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को जब्त कर लिया। घटना के बाद से मां सरिता देवी, पिता गणेश पासवान, बहन आरती देवी , भाई बबलू कुमार पासवान सहित अन्य परिजनो का रो-रो कर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि अवैध बालू ढुलाई में लगे ट्रेक्टर पलटने से हादसा हुआ।जिसमें एक मजदूर की मौत हो गई।शव को कागजी खानापूर्ति के बाद पोस्टमार्टम के लिए जमुई भेजा गया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




