पूर्णिया: एनएच 107 पर तेज रफ्तार पिकअप वैन से कुचलकर किशोर की मौत
बनमनखी से सुशील की रिपोर्ट बनमनखी, संवाद सूत्र। पूर्णिया-सहरसा राष्ट्रीय राजमार्ग 107

बनमनखी से सुशील की रिपोर्ट बनमनखी, संवाद सूत्र।पूर्णिया-सहरसा राष्ट्रीय राजमार्ग 107 पर खुटहरी पेट्रोल पंप के समीप मॉर्निंग वॉक के दौरान 12 वर्षीय किशोर की तेज रफ्तार पिकअप वैन से कुचलकर मौत हो गई। मृतक किशोर की पहचान धरहरा पंचायत के खुटहरी वार्ड एक स्थित मुसहरी टोला निवासी सनोज कुमार पिता जय कृष्णा ऋषि के रूप में की गई है। दुर्घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि मृतक सनोज कुमार बुधवार की सुबह अपनी मां फेकनी देवी से मॉर्निंग वॉक पर जाने की बात कह कर घर से निकला। वह गांव के समीप एनएच 107 पर पश्चिम दिशा की ओर टहल रहा था कि बनमनखी की ओर से जा रही एक तेज रफ्तार अनियंत्रित पिकअप वैन सड़क के बिल्कुल किनारे टहल रहे किशोर को कुचलता हुआ निकल गया।
दुर्घटनास्थल पर ही किशोर की मौत हो गई। दुर्घटना बुधवार सुबह तकरीबन 8:00 बजे घटित हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पिकअप वैन पर दूध लदा था। दुर्घटना के बाद आसपास से लोग दौड़े तब तक चालक वाहन लेकर फरार हो चुका था। इसके बाद लोगों ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही मृतक के परिजन सहित अन्य ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुट गए। मृतक का शव देखते ही परिजनों के बीच कोहराम मच गया। मृतक की मां फेकनी देवी तथा छोटा भाई शिव कुमार मृतक के शव से लिपट कर चित्कार मार कर रोते हुए बार-बार बेहोश हो रहे थे। मृतक के परिजनों के क्रंदन से वहां मौजूद हर किसी की आंखें नम हो रही थी। मृतक दो भाइयों में सबसे बड़ा था। मृतक के पिता जय कृष्ण ऋषि पंजाब में काम करते हैं। घटना की सूचना मिलते ही बनमनखी थाना अध्यक्ष संजय कुमार, बनमनखी राजस्व पदाधिकारी बालकृष्ण भारद्वाज घटनास्थल पर सदल बल पहुंचे। मृतक के शव को कब्जा में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच भेज दिया। थाना अध्यक्ष ने बताया कि अज्ञात वाहन से कुचलकर किशोर की मौत हुई है। परिजन के लिखित आवेदन पर अज्ञात वाहन के विरुद्ध प्राथमिकी की दर्ज की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद मृतक का शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। वहीं घटनास्थल पर मौजूद राजस्व पदाधिकारी बालकृष्ण भारद्वाज ने मृतक के परिजनों को तत्काल सहायता के तौर पर पारिवारिक लाभ योजना के तहत 20 हजार रुपए का चेक मृतक की मां को दिया। राजस्व पदाधिकारी ने बताया कि तत्काल कबीर अंत्येष्टि योजना के तहत ₹3000 की राशि भी मृतक के परिजनों को दी गई है। वहीं परिवहन विभाग से अन्य कागजी प्रक्रिया के बाद पांच लाख रुपए की राशि दी जाएगी। राजस्व पदाधिकारी ने बताया कि दुर्घटना के बाद सरकार की ओर से दी जाने वाली सभी सहायता मृतक के परिजनों को मुहैया कराई जा रही है।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


