होली तक जाममुक्त रहे जिले की सारी प्रमुख सड़कें : डीएम
भागलपुर में होली और रमजान के अवसर पर यातायात व्यवस्था और सुरक्षा के लिए विशेष निर्देश दिए गए हैं। डीएम ने कहा कि जाम से बचने के लिए निर्माण कार्य को स्थगित किया जा सकता है। होलिका दहन की ऊंचाई 6 फीट से अधिक नहीं होगी। 1500 पुलिस बलों की तैनाती होगी और डीजे पर प्रतिबंध रहेगा।

भागलपुर, मुख्य संवाददाता। होली के समय लोगों का आवागमन बढ़ जाता है। लोग बाहर से घर आते हैं। शहर के लोग यहां से अपने गांव-घर जाते हैं। इसलिए यातायात व्यवस्था सुचारु रखी जाए। इसके लिए ट्रैफिक डीएसपी को विशेष रूप से कहा गया कि जाम कहीं ना लगे। इसकी तैयारी मुक्कमल हो। क्योंकि जाम में यदि परिवार कहीं फंस जाता है तो बच्चे उकताने लगते हैं। खास कर कहलगांव, घोघा और सबौर पथ पर विशेष चौकसी रखने के निर्देश दिए गए। एनएच के कार्यपालक अभियंता को कहा गया कि यदि इसके लिए चार-पांच दिन कार्य स्थगित रखना पड़े तो रखा जाए।
निर्माण सामग्री को सड़क पर रखकर डंप नहीं किया जाए, जिससे कि जाम लगने की संभावना बन जाए। होलिका दहन के लिए संवत जलाने की परंपरा इस बार भी जारी रहेगा लेकिन संवत की ऊंचाई छह फीट से ऊंची नहीं होगी। यह आदेश डीएम डॉ. नवल किशोर चौधरी ने गुरुवार को समीक्षा भवन में आयोजित जिला शांति समिति की बैठक में दिया है। बैठक में होली और रमजान को लेकर सुरक्षा और शांति की अपील दोनों समुदायों से की गई है। दोनों समुदाय के लोगों ने त्योहार के आयोजन को लेकर क्षेत्र की समस्या और आवश्यकताओं को बारी-बारी से रखा। शांति समिति के सदस्यों ने बताया कि इस बार होलिका दहन तीन को और होली का त्योहार 4 मार्च को मनाया जाएगा। संवत की ऊंचाई 6 फीट से ज्यादा होने पर परेशानी होती है। इसलिए अगजा (संवत) की ऊंचाई 6 फीट से अधिक ना रखी जाए। कई सदस्यों ने बताया कि नरना चौक पर 5 फीट का गड्ढा हो गया है। सदस्यों ने कहा, अगजा जहां जलाया जाए, वहां बिजली का तार न जले, यह ध्यान देना होगा। नहीं तो वहां के आसपास का समाज प्रभावित होगा। सदस्यों ने बताया कि ललमटिया थाना अंतर्गत टमटम चौक पर होलिका दहन को लेकर पूर्व में विवाद हो गया था। बताया गया कि महाशय ड्योढी के पास बिजली का पोल हटाने करने की जरूरत है। साथ ही साहेबगंज चौक पर सड़क की मरम्मत की जरूरत है। उन्होंने बताया कि बुडको के द्वारा कई जगह पर सड़क को काटकर छोड़ दिया गया है। सदस्यों ने भरोसा दिलाया कि हमलोग त्योहार के दिन सड़क पर मुस्तैद रहेंगे ताकि कोई अप्रिय घटना नहीं हो। डीएम ने कहा कि रमजान का पवित्र महीना चल रहा है। साथ ही होली भी है। उन्होंने कहा कि जिला शांति समिति से जो भी सुझाव आए हैं। नगर निगम को बताया जा चुका है। वे सभी कार्य किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जो शराब पीकर गाड़ी चलाते हैं, उनका ब्रेथ इन्हेलाइजर से जांच कराई जाए। उन्होंने कहा कि हाल ही में झंडापुर के समीप अप्रिय दुर्घटना घटित हुई है। इस प्रकार की अप्रिय घटना कहीं भी दोबारा ना हो। इस पर ध्यान दिया जाना चाहिए। डीजे पूर्णत प्रतिबंधित रहेगा और कहीं भी कोई अश्लील गाना नहीं बजेगा। होली पर 1500 पुलिस बलों की हुई प्रतिनियुक्ति : एसएसपी एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने कहा कि पूर्व में जिला शांति समिति तथा प्रशासन में समन्वय अच्छा रहा है। इस वर्ष भी अच्छा रहेगा। होली के दौरान लगभग 1500 पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति रहेगी। होलिका दहन स्थल पर पुलिस की निगरानी रहेगी। सभी स्थलों को चिह्नित किया गया है। वहीं उपद्रवी तत्वों को चिह्नित किया गया है। उनसे बॉन्ड डाउन कराया जा रहा है। संवेदनशील स्थलों पर और सतर्कता रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि होली के अवसर पर 10-12 साल के बच्चे यदि कोई कृत्य करते हैं तो उसे समझाना है। उन्होंने कहा पर्व के समय हम लोग सख्त रहेंगे। सदस्यों से कहा कि कोई भी घटना कहीं भी होती है, तो सबसे पहले प्रशासन को सूचित किया जाए।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



