
विक्रमशिला सेतु पर ओवरटेक किया तो ड्राइविंग लाइसेंस होगा रद्द, ओवरलोडिंग पर 10 हजार जुर्माना
आए दिन लगने वाले जाम पर जिलाधिकारी ने लिया संज्ञान जिला परिवहन विभाग, एनएच और
भागलपुर, वरीय संवाददाता। जिला और शहरी क्षेत्र में गहराते ट्रैफिक जाम की समस्या पर नकेल कसने के लिए बुधवार को जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में समीक्षा भवन में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। हाल के दिनों में खगड़िया–कुरसेला पथ, विक्रमशिला सेतु और कहलगांव–भागलपुर पथ पर लग रहे भीषण जाम पर विस्तार से चर्चा हुई, जिसके बाद जिलाधिकारी ने स्थायी समाधान के लिए कई सख्त और त्वरित निर्देश जारी किए। बैठक में पुलिस अधीक्षक नवगछिया, नगर पुलिस अधीक्षक, नगर आयुक्त समेत पथ निर्माण विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। सेतु पर नियम तोड़ने वालों पर कठोर कार्रवाई ट्रैफिक जाम की मुख्य वजह विक्रमशिला सेतु पर हो रही मनमानी और ओवरलोडिंग को मानते हुए जिलाधिकारी ने सबसे कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए।
जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) को निर्देश दिया गया है कि विक्रमशिला सेतु पर ओवरटेक करने वाले वाहनों पर भारी जुर्माना लगाया जाए और उनके चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निरस्त किए जाएं। इसके अतिरिक्त पुल पर 10 हजार रुपये का ओवरलोडिंग जुर्माना निर्धारित किया गया है। लोगों को जागरूक करने के लिए सेतु पर साइन बोर्ड लगाए जाएंगे, जिन पर स्पष्ट लिखा होगा, 'आप सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में हैं। ओवरटेकिंग करने पर आप पर जुर्माना लगाया जाएगा तथा आपका ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त किया जा सकता है।' अन्य प्रमुख निर्देश: ओवरलोडिंग जांच: डीटीओ को सेतु से 1 से 2 किलोमीटर पहले ही भारी वाहनों की ओवरलोडिंग जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। ब्रेकडाउन वाहन: एनएच-80 के कार्यपालक अभियंता को विक्रमशिला पुल के दोनों छोर पर क्रेन की स्थायी व्यवस्था करने और ब्रेकडाउन वाहनों को तुरंत हटाने के लिए तीन शिफ्टों में ड्राइवर तैनात करने को कहा गया। एनटीपीसी, कहलगांव को भी सीएसआर मद से सीसीटीवी कैमरे और एक क्रेन उपलब्ध कराने का निर्देश मिला है। सड़क से वाहन हटें: जिला खनिज पदाधिकारी को नवगछिया की ओर सड़क पर अवैध रूप से खड़े खनिज विभाग द्वारा जब्त किए गए लगभग 50-52 भारी वाहनों को आज रात तक तुरंत अन्यत्र स्थानांतरित करने का निर्देश दिया गया। सुल्तानगंज-मुंगेर पथ: एनएच-31 के कार्यपालक अभियंता को सुल्तानगंज–मुंगेर पथ को भारी वाहनों के लिए शीघ्र चालू करने का निर्देश दिया गया ताकि विक्रमशिला सेतु पर दबाव कम हो सके।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




