
मैन पावर बढ़ा, संसाधन बढ़े पर जाम की समस्या आम बनी रही
भागलपुर के बाद नवगछिया में भी ट्रैफिक डीएसपी की पोस्टिंग शहर के ट्रैफिक थाना में
भागलपुर, वरीय संवाददाता। भागलपुर और नवगछिया में ट्रैफिक जाम आम समस्या होती जा रही है। ऐसा तब है जब भागलपुर के अलावा नवगछिया पुलिस जिले में भी डीएसपी ट्रैफिक पदस्थापित हैं। भागलपुर के ट्रैफिक थाने में डेढ़ दर्जन पदाधिकारी और 110 जवान पदस्थापित हैं। भागलपुर के साथ ही नवगछिया की तरफ भी विक्रमशिला सेतु टीओपी स्थापित किया गया। वाहन मिले और ट्रैफिक संधारण को जरूरी उपकरण भी उपलब्ध कराए गए। फिर भी शहर से लेकर विक्रमशिला सेतु तक जाम का झाम बना रहता है। जगह चिह्नित कर पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति नहीं होने से परेशानी भागलपुर शहर में ट्रैफिक थाना की बात करें तो यहां स्वीकृत पद का लगभग 80 प्रतिशत पदाधिकारी और जवान उपलब्ध हैं।
इसके बावजूद जाम से निपटना मुश्किल हो रहा। इसका सबसे बड़ा कारण जाम वाली जगहों चिह्नित कर वहां पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति नहीं करना है। ट्रैफिक पुलिस के ज्यादातर पदाधिकारी और जवान शहर के कुछ चौक-चौराहों पर ही प्रतिनियुक्त कर दिए जाते हैं जबकि जाम वाले कई जगहों पर पुलिस की उपस्थिति नहीं दिखती। ट्रैफिक पुलिस कचहरी चौक, तिलकामांझी, चौक, घूरन पीरबाबा चौक, स्टेशन चौक और कोतवाली चौक तक ही सीमित दिखती है। भागलपुर और नवगछिया में एक्सीडेंट पर भी नियंत्रण नहीं हो रहा भागलपुर और नवगछिया पुलिस जिले की बात करें तो एक्सीडेंट पर भी नियंत्रण होता नहीं दिख रहा। भागलपुर में एक्सीडेंट के हॉटस्पॉट की बात करें तो विक्रमशिला पुल व पहुंच पथ, तिलकामांझी से जेल रोड, जगदीशपुर का टूटा पुल, जीरोमाइल से सबौर रोड, घोघा से कहलगांव रोड, हबीबपुर-कजरैली रोड आदि शामिल हैं। नवगछिया की बात करें तो तेतरी जीरोमाइल चौक, नवगछिया जीरोमाइल चौक, रंगरा चौक, नवगछिया से नारायणपुर तक एनएच 31 तक एक्सीडेंट के हॉटस्पॉट हैं। ज्यादातर घटनाओं उन्हीं हॉटस्पॉट और उसके आसपास घटित हो रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




