Hindi NewsBihar NewsBhagalpur NewsTraffic Congestion and Poor Amenities Plague MP Dwivedi Road
बोले भागलपुर: एमपी द्विवेदी रोड में सड़क निर्माण और पार्किंग की व्यवस्था हो

बोले भागलपुर: एमपी द्विवेदी रोड में सड़क निर्माण और पार्किंग की व्यवस्था हो

संक्षेप:

कोतवाली चौक से स्टेशन जाने वाला एमपी द्विवेदी रोड शहर की व्यस्त सड़कों में से एक है। सड़क पर पार्किंग की कमी और जर्जर स्थिति के कारण लोगों को भारी जाम का सामना करना पड़ता है। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि यहां शौचालय और पेयजल की व्यवस्था नहीं है, जिससे महिलाओं को विशेष कठिनाई होती है।

Jan 01, 2026 07:05 pm ISTYogendra Rai हिन्दुस्तान, भागलपुर
share Share
Follow Us on

कोतवाली चौक से स्टेशन जाने वाला एमपी द्विवेदी रोड शहर की व्यस्त सड़कों में शामिल है। सड़क से हजारों वाहनों का आवागमन होता है। सड़क किनारे पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने के चलते लगातार जाम लगता है। जाम के चलते पैदल स्टेशन जाने में भी परेशानी होती है। स्थानीय दुकानदारों का कहना कि सड़क किनारे न यूरिनल की व्यवस्था है और न ही पेयजल की। रोज बड़ी संख्या में लोग खरीदारी करने आते हैं। 2016 में बनी सड़क जर्जर हो चुकी है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

कोतवाली चौक से स्टेशन चौक जाने वाला महावीर प्रसाद द्विवेदी (एमपी द्विवेदी) रोड के पूरब में वार्ड 38 और पश्चिम में वार्ड 19 और 15 का क्षेत्र पड़ता है। सड़क के दोनों तरफ 500 से अधिक दुकानें है। अधिकांश दुकानें दवा और साइकिल की है। इसके चलते यहां लोगों की भीड़ लगी रहती है। स्टेशन से कोतवाली चौक तक वनवे ट्रैफिक की व्यवस्था है। स्टेशन चौक से लहेरी टोला और कोतवाली चौक की तरफ वाहनों के आने की व्यवस्था है। लेकिन सड़क के दोनों तरफ दिनभर सैकड़ों बाइक खड़ी रहने के चलते लोगों को आने-जाने में परेशानी होती है। दुकानदारों का कहना है कि पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने से बहुत से लोग दुकानों के आगे बाइक खड़ी कर काम करने चले जाते हैं। विरोध करने पर विवाद करने लगते हैं। कोतवाली चौक से स्टेशन चौक तक सड़क किनारे शौचालय की व्यवस्था नहीं है। महिलाओं को काफी परेशानी होती है। बाइक चोरी की घटनाएं अक्सर होती रहती हैं। जर्जर सड़क के चलते लोगों को परेशानी होती है। पोल पर तार का जाल बिछा हुआ है। कभी भी दुर्घटना हो सकती है।

निलेश कोटरीवाल ने बताया कि एमपी द्विवेदी रोड शहर की व्यस्त सड़कों में शामिल है। दूर-दराज से लोग दवा और साइकिल खरीदने इस रोड में आते हैं। सुविधाएं नहीं रहने के चलते लोगों को काफी परेशानी होती है। कोतवाली चौक से रेलवे स्टेशन तक शौचालय और पेयजल की व्यवस्था नहीं है। दूर से आने वाले लोगों को पानी खरीदकर पीना पड़ता है। पोल पर पर्याप्त स्ट्रीट लाइट नहीं है। बहुत से पोल पर सीसीटीवी लगाया गया है, लेकिन काम नहीं कर रहा है। आए दिन एमपी द्विवेदी रोड में बाइक चोरी की घटनाएं होते रहती हैं। व्यस्त सड़क होने के बावजूद पार्किंग की व्यवस्था नहीं है। वनवे व्यवस्था होने के बावजूद सड़क पर दिन भर जाम लगता रहता है। लोग दुकानों के आगे बाइक लगाकर छोड़ देते हैं। दिन भर बाइक सड़क किनारे खड़ी रहती है।

अमरीश कुमार ने बताया कि एमपी द्विवेदी रोड में पार्किंग की व्यवस्था होनी चाहिए। कोतवाली चौक से स्टेशन चौक तक दोनों तरफ बाइक की कतार लग जाती है। वाहनों को आने-जाने में परेशानी होती है। यूरिनल नहीं रहने से चलते दूर से आने वाली महिलाओं के अलावा दुकानदारों को परेशानी हो रही है। नगर निगम को शौचालय की व्यवस्था करनी चाहिए। बाहरी लोगों द्वारा बाइक लगाने की जांच कर कार्रवाई करनी चाहिए। विवाद के चलते दुकानदार नहीं रोकते हैं।

वार्ड 38 के पार्षद अश्विनी जोशी मोंटी ने कहा कि एमपी द्विवेदी रोड में पार्किंग की व्यवस्था होनी चाहिए। शहर की व्यस्त सड़कों में यह शामिल है। पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने से जाम लगता है। सड़क किनारे लोगों द्वारा बहुमंजिली इमारत बनायी गयी है। उनके द्वारा बेसमेट को पार्किंग दिखाया गया है। लेकिन लोग बेसमेट को भी किराये पर लगा रहे हैं। यह नियम के विरुद्ध है। कोतवाली चौक से रेलवे स्टेशन तक पूर्व में स्मार्ट सिटी से सड़क का निर्माण होना था। लेकिन स्मार्ट सिटी से सड़क नहीं बन सकी। नगर निगम में वार्ड 38,19 और 15 के वार्ड पार्षदों द्वारा सड़क निर्माण के लिए प्रस्ताव दिया गया था। जिसे स्वीकृत किया गया है। नगर निगम द्वारा स्ट्रीट लाइट लगाने की प्रक्रिया चल रही है। सड़क किनारे सरकारी जमीन उपलब्ध नहीं रहने से शौचालय नहीं बन पा रहा है। एक जगह जनता नल की व्यवस्था की गयी है। प्याऊ बनवाने के लिए भी जगह की खोज की जा रही है।

केन्द्रीय रेलवे रेल यात्री संघ के सदस्य सुमित अग्रवाल ने बताया कि बिजली के अधिकांश पोल पर सीसीटीवी लगा हुआ है। लेकिन सीसीटीवी काम नहीं कर रहा है। जाम के चलते लोगों को पैदल चलने में परेशानी होती है। पार्किंग की व्यवस्था होने से जाम से राहत मिल सकती है। रेलवे स्टेशन से कोतवाली चौक के बीच कूड़ेदान की व्यवस्था नहीं होने से लोग इधर-उधर गंदगी फेंक देते हैं। चोरी की घटनाएं भी होती रहती हैं। इसी रोड में एक धर्मशाला है। धर्मशाला के आसपास भी सफाई की व्यवस्था होनी चाहिए। नगर निगम में शिकायत करने के बाद भी समस्याओं का समाधान नहीं होता है।

सौरभ पारिख ने बताया कि 2016 के बाद सड़क का निर्माण नहीं कराया गया है। स्मार्ट सिटी की योजना से सड़क का निर्माण होना था। लेकिन सड़क का निर्माण अभी तक नहीं हुआ। सड़क जर्जर होने के चलते लोगों को आने-जाने में परेशानी होती है। बिजली पोल पर तार का जाल बिछा हुआ है। कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। तार को सुव्यस्थित करना चाहिए। सड़क के आसपास नियमित सफाई नहीं होती है। सड़क किनारे बाइक लगाने के चलते जाम लगता है।

बोले जिम्मेदार

स्थायी समिति की बैठक में कोतवाली चौक से रेलवे स्टेशन तक सड़क निर्माण कराने का निर्णय लिया जा चुका है। सड़क निर्माण के आगे की प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही सड़क का निर्माण कराया जाएगा। व्यस्त सड़क होने के चलते पार्किंग की जरूरत है। लोहिया पुल के नीचे अतिक्रमण हटाकर दोपहिया वाहनों के पार्किंग की व्यवस्था की जा रही है। वहीं पर सामुदायिक शौचालय का भी निर्माण कराया जाएगा। एमपी द्विवेदी रोड में एक प्याऊ बनवाया जाएगा। सभी वार्डों में जल्द ही स्ट्रीट लाइट लगवायी जाएगी। अन्य समस्याओं का भी समाधान किया जाएगा।

डॉ. बसुन्धरा लाल, मेयर, नगर निगम, भागलपुर

इनकी भी सुनिए

महावीर प्रसाद द्विवेदी रोड में खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोग आते हैं। सार्वजनिक यूरिनल और पेयजल की व्यवस्था नहीं है। महिलाओं को इमरजेंसी में परेशानी बढ़ जाती है। नगर निगम शौचालय और पानी की व्यवस्था करे।

-सौरभ पारिख

महावीर प्रसाद द्विवेदी रोड में स्मार्ट सिटी फंड से सीसीटीवी लगवाया गया है, लेकिन सीसीटीवी चालू नहीं है। चोरी की घटनाएं होती है। बिजली विभाग द्वारा पोल पर से बिजली के तार का मकड़जाल हटवाया जाय।

-सुमित अग्रवाल

एमपी द्विवेदी रोड की जर्जर सड़क का नगर निगम निर्माण कराये। ताकि आवागमन में वाहनों और आम लोगों को सुविधा हो। शौचालय और यूरिनल निर्माण हो। चोरी की घटना पर लगाम लगाने के लिए पुलिस गश्त हो।

-मुन्ना बाजोरिया

ऑटो और ई-रिक्शा चालक के कारण कई बार जाम की स्थिति बन जाती है। इसके निदान के लिए आम लोगों को जागरूक होना होगा। बुडको की पाइपलाइन से जलापूर्ति नहीं होती है। घर-घर पानी की आपूर्ति सुनिश्चित कराई जानी चाहिए।

-सोनू परशुरामपुरिया

सफाई व्यवस्था ठीक नहीं है। एमपी द्विवेदी रोड महत्वपूर्ण सड़कों में शामिल है। सड़क पर गंदगी फैली रहती है। शौचालय की व्यवस्था नहीं है। पानी की सुविधा नहीं होने से दुकानदार, स्टाफ और आम लोगों को दिक्कत होती है।

-स्नेह कुमार

कई वर्ष पूर्व बुडको द्वारा पानी की पाइपलाइन बिछाई गई है लेकिन अब तक पानी की आपूर्ति नहीं हुई। स्थानीय लोगों और दुकानदारों को पानी की दिक्कत होती है। नगर निगम द्वारा जलापूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित होनी चाहिए।

-अजीत कोटरीवाल

नगर निगम द्वारा कूड़ेदान की व्यवस्था नहीं होने से कचरा सड़क पर पसरा रहता है। डोर-टू-डोर और नियमित कूड़ा उठाव की व्यवस्था की जाय। ताकि सड़क पर कूड़ा पसरे रहने से लोगों को दुर्गंध की समस्या नहीं हो।

-अंकुर कोटरीवाल

चोरी समेत आपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगाने और उसमें शामिल लोगों की पहचान के लिए प्रशासन द्वारा लगाए गये सीसीटीवी को चालू करवाया जाय। विवाह भवन का बचा भोजन सड़क पर फेंकने से दुर्गंध फैलती है।

-प्रमोद कोटरीवाल

सरकारी योजनाओं और सुविधा का लाभ नहीं मिल पाता है। सड़क का निर्माण कई वर्ष पूर्व हुआ है। नगर निगम प्रशासन द्वारा यहां सड़क निर्माण कराया जाए। बिजली के सभी पोल पर स्ट्रीट लाइट लगे। सफाई की व्यवस्था हो।

-त्रिलोकी मंडल

महावीर प्रसाद द्विवेदी रोड में वाहनों का आवागमन वनवे है। इस नियम का पालन नहीं हो रहा है। सड़क के दोनों तरफ दुकानों के आगे अघोषित बाइक पार्किंग बन गई है। व्यापारियों को सामान लोड-अनलोड करने में दिक्कत होती है।

-निलेश कोटरीवाल

कूड़ेदान की व्यवस्था नहीं होने से कोतवली चौक से स्टेशन चौक तक कचरा सड़क पर फेंका जाता है। महावीर प्रसाद द्विवेदी रोड में नगर निगम प्रशासन जगह-जगह डस्टबिन की व्यवस्था करे। सफाई के साथ पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था हो।

-प्रत्युश कोटरीवाल

गलत तरीके से सड़क किनारे बाइक लगा दी जाती है, जिससे हमेशा जाम लगता है। शौचालय और यूरिनल की व्यवस्था नहीं है। जिसके कारण दुकानदारों, स्टाफ के साथ ग्राहकों एवं राहगीरों को विशेष परिस्थिति में समस्या बढ़ जाती है।

-मुरली शर्मा

बिजली के पोल पर स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था नहीं होने से एमपी द्विवेदी रोड में अंधेरा होने पर दिक्कत होती है। बिजली तार और बाइक चोरी की घटनाएं अक्सर होती हैं। विवाह भवन के बचे भोजन के निस्तारण की व्यवस्था हो।

-अमित चूड़ीवाला

एमपी द्विवेदी रोड में यूरिनल, शौचालय और पेयजल की सुविधा नहीं होने से यहां खरीदारी करने वाले और दुकानदारों के साथ आम राहगीरों को दिक्कत होती है। महिलाओं को ज्यादा परेशानी होती है। वाहन पार्किंग की व्यवस्था होनी चाहिए।

-अमरीश कुमार

सुरक्षा को लेकर कई वर्ष पूर्व स्मार्ट सिटी से लगा सीसीटीवी अब तक चालू तक नहीं हो सका है। अक्सर चोरी की घटनाएं होती रहती हैं। बदमाशों की पहचान में सीसीटीवी का लाभ नहीं मिलता है। सड़क किनारे वाहन लगाने से जाम लगता है।

-अभय शर्मा

रेलवे स्टेशन से कोतवाली चौक के बीच एमपी द्विवेदी रोड की सड़क कई वर्षों से जर्जर है। दुकानदारों, वाहनों और आम लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। सड़क किनारे लगने वाले वाहनों से जाम व अतिक्रमण की समस्या होती है।

-श्रीराम

समस्या

1. स्टेशन से कोतवाली चौक के बीच एमपी द्विवेदी रोड की सड़क कई वर्षों से जर्जर है। सड़क निर्माण नहीं होने से वाहन और आम लोगों को दिक्कत होती है।

2. एमपी द्विवेदी रोड में सुरक्षा को लेकर कई वर्ष पूर्व सीसीटीवी लगाया गया। लेकिन अबतक यह चालू तक नहीं हो सका है। जिससे इसका लाभ नहीं मिल रहा है।

3. यूरिनल, शौचालय और पेयजल की सुविधा नहीं होने से खरीदारी करने आने वाले लोगों और दुकानदारों को काफी परेशानी होती है। महिलाओं को अधिक परेशानी होती है।

4. बिजली पोल पर लाइट की व्यवस्था नहीं है। बिजली का तार और बाइक चोरी की घटनाओं से परेशानी होती है। विवाह भवन का बचा भोजन सड़क पर फेंक दिया जाता है।

5. कई वर्ष पूर्व बुडको द्वारा पानी की पाइपलाइन बिछाने के बावजूद पानी नहीं आता है। स्थानीय लोगों और दुकानदारों को पानी की दिक्कत होती है। पानी खरीदना पड़ता है।

सुझाव

1. नगर निगम द्वारा एमपी द्विवेदी रोड में कूड़ेदान की व्यवस्था की जाय। डोर-टू-डोर कूड़ा उठाव की व्यवस्था की जाय। ताकि कूड़ा से दुर्गंध की समस्या नहीं हो।

2. चोरी की वारदात पर लगाम लगाने के लिए प्रशासन द्वारा लगाए गये सीसीटीवी को चालू करवाया जाय। ताकि आपराधिक तत्वों की पहचान की जा सके।

3. एमपी द्विवेदी रोड की जर्जर सड़क का नगर निगम निर्माण कराये। ताकि आवागमन में वाहनों और आम लोगों को सुविधा हो। शौचालय-यूरिनल का निर्माण हो।

4. बड़ी संख्या में दवा की दुकान होने से एमपी द्विवेदी रोड में खरीदार और मेडिकल रिप्रजेंटेटिव्स की भीड़ लगती है। सफाई व्यवस्था सुनिश्चित होनी चाहिए।

5. महावीर प्रसाद द्विवेदी रोड में सड़क किनारे लगने वाले वाहनों से हो रहे जाम और अतिक्रमण की समस्या का समाधान हो। वाहन पार्किंग की व्यवस्था हो।

प्रस्तुति: वीरेन्द्र कुमार, रविशंकर सिन्हा, फोटोग्राफ: संजीव