
सहरसा: सड़क पर मछली बाजार और दुकानों का अतिक्रमण बना जाम की मुख्य वजह
सहरसा के बनगांव पथ पर यातायात की स्थिति बिगड़ गई है। दुकानदारों के अतिक्रमण और मछली बाजार के कारण सड़क संकरी हो गई है। स्थानीय लोग प्रशासन से कार्रवाई की मांग कर रहे हैं ताकि राहगीरों को राहत मिले और सड़क पर व्यवस्थित यातायात बहाल हो सके।
सहरसा, हमारे प्रतिनिधि। शहर में यातयात और नगर निगम प्रशासन की सक्रियता अक्सर चर्चा में रहती है, लेकिन शहर का प्रमुख मार्ग सहरसा – बनगांव पथ अभी भी उपेक्षा का शिकार है। यहां सुबह और शाम का नज़ारा किसी खुले, अनियंत्रित बाजार जैसा दिखाई देता है। सड़क से सटी दुकानों के सामने रोजाना मछली का अस्थायी बाजार सज जाता है। इस दौरान खरीददारी करने वाले लोग अपनी बाइक सड़क के किनारे ही खड़ी कर देते हैं, जिससे पूरे मार्ग पर जाम की स्थिति बन जाती है। स्थानीय लोग बताते हैं कि प्रशासन की अनदेखी और दुकानदारों की मनमानी ने इस सड़क को बेहद अव्यवस्थित बना दिया है।लोगों

का कहना है कि दुकानदारों ने अपनी दुकानों की वास्तविक सीमा से कई फीट बाहर तक सामान फैलाकर कब्ज़ा कर रखा है। सुबह और शाम के वक्त मछली बाजार सजने पर सड़क लगभग संकरी हो जाती है। इस कारण आम राहगीरों को दिक्कतें झेलनी पड़ती हैं। खासकर दफ्तर जाने वालों और स्कूल – कॉलेज के छात्रों को समय पर पहुंच पाना मुश्किल हो जाता है। स्थानीय निवासी बताते हैं कि कई बार यहां मामूली बात पर विवाद भी हो जाता है, क्योंकि जगह कम होने से वाहन चालक और खरीददार अक्सर टकरा जाते हैं। सबसे अधिक परेशानी उन लोगों को होती है जो इलाज के लिए पास स्थित डॉक्टरों के क्लिनिक में आते हैं। मरीजों के परिजनों का कहना है कि यदि वे अपनी बाइक किसी दुकान के सामने खड़ी कर देते हैं, तो दुकानदार उनकी बेइज़्ज़ती करते हुए उलझने लगते हैं। लोग बताते हैं कि पहले से ही तंग सड़क पर दुकानदारों द्वारा किया गया अतिक्रमण स्थिति को और भी खराब कर देता है। मरीजों और बुजुर्गों के लिए यह माहौल अत्यंत असुविधाजनक बन गया है। स्थानीय नागरिकों ने चिंता जताते हुए कहा कि शंकर चौक पर कुछ साल पहले हुई घटना सभी को याद है, जब अतिक्रमण और भीड़ – भाड़ के कारण गंभीर स्थिति पैदा हो गई थी। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन समय रहते सहरसा – बनगांव रोड पर ध्यान नहीं देता, तो ऐसी स्थिति दोबारा भी उत्पन्न हो सकती है। नागरिकों ने मांग की है कि सड़क पर फैले अतिक्रमण को तुरंत हटाया जाए, सुबह और शाम लगने वाले मछली बाजार को किसी निर्धारित स्थान पर स्थानांतरित किया जाए और दुकानदारों की मनमानी पर रोक लगाई जाए। लोगों का कहना है कि यह सड़क शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में से एक है। ऐसे में प्रशासन को यहां नियमित जांच, यातायात नियंत्रण और अतिक्रमण – रोधी कार्रवाई करनी चाहिए। लोगो ने उम्मीद जताई कि प्रशासन जल्द ही इस मुद्दे को संज्ञान में लेकर उचित कदम उठाएगा, ताकि राहगीरों को राहत मिले और सड़क पर व्यवस्थित यातायात बहाल हो सके।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




