पाइप जोड़ने के बाद 12 घंटे सुखाया गया कंक्रीट, दिनभर जाम में रेंगती रहीं गाड़ियां
भागलपुर में महात्मा गांधी पथ पर रविवार रात को मुख्य पाइपलाइन फटने के बाद मरम्मत कार्य जारी रहा। तकनीकी कारणों से सड़क पर भारी जाम और धूल का सामना करना पड़ा। स्थानीय पुलिस को यातायात सुचारू करने में मदद करनी पड़ी। जलकल विभाग ने संवेदक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।

भागलपुर, वरीय संवाददाता। शहर की लाइफलाइन माने जाने वाले महात्मा गांधी पथ पर सोमवार को भी यातायात व्यवस्था पूरी तरह सामान्य नहीं हो सकी। सीएस कंपाउंड के सामने बरारी वाटर वर्क्स की मुख्य पाइपलाइन फटने के बाद शुरू हुआ मरम्मत कार्य सोमवार को भी जारी रहा। रविवार रात पाइप तो जोड़ दी गई थी, लेकिन मरम्मत वाले हिस्से को भरने में हुई तकनीकी देरी के कारण दिनभर शहरवासियों को भारी जाम और धूल का सामना करना पड़ा। रविवार देर शाम पाइपलाइन की सफल टेस्टिंग के बाद जॉइंट्स पर सीमेंट कंक्रीट की ढलाई की गई थी। मौके पर मौजूद संवेदक ने बताया कि मजबूती सुनिश्चित करने के लिए ढलाई को 12 से 15 घंटे तक सूखने के लिए छोड़ना अनिवार्य था।
इसी तकनीकी कारण से सोमवार दिन में गड्ढे को भरा नहीं जा सका। शाम करीब पांच बजे जब ढलाई पूरी तरह सूख गई, तब जेसीबी की मदद से गड्ढे में मिट्टी और ईंटें भरने का काम शुरू किया गया। सड़क का एक बड़ा हिस्सा खुदा होने के कारण सोमवार सुबह से ही महात्मा गांधी पथ पर वाहनों का भारी दबाव रहा। रास्ता संकीर्ण हो जाने की वजह से कचहरी और तिलकामांझी की ओर जाने वाले वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कई बार स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि यातायात सुचारू कराने के लिए स्थानीय पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा। इस दौरान सबसे ज्यादा परेशानी दोपहिया वाहन चालकों और राहगीरों को उठानी पड़ी। जलकल शाखा प्रभारी वशिष्ठ नारायण चौधरी ने बताया कि सोमवार देर रात तक हर हाल में सड़क को मोटरेबल बनाने का सख्त निर्देश दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पाइपलाइन फटने की मुख्य वजह संवेदक द्वारा की जा रही बेतरतीब खुदाई थी। होली का त्योहार नजदीक है, ऐसे में इस तरह की लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। त्योहार बीतते ही संबंधित संवेदक को चिह्नित कर उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


