ट्रेड लाइसेंस: शिविर और कार्यालय में आए 43 आवेदन, व्यापारियों ने मांगी मोहलत
भागलपुरख् वरीय संवाददाता। शहर के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को नियम के दायरे में लाने और नगर

भागलपुर, वरीय संवाददाता। शहर के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को नियम के दायरे में लाने और नगर निगम के राजस्व में वृद्धि के लिए ट्रेड लाइसेंस की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। शनिवार को नगर निगम द्वारा चेंबर ऑफ कॉमर्स परिसर में एक विशेष शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें कुल 25 आवेदन प्राप्त हुए। इसके अतिरिक्त, नगर निगम कार्यालय में भी 18 व्यापारियों ने अपने आवेदन जमा किए। इसके साथ ही इस माह में ट्रेड लाइसेंस आवेदन का आंकड़ा 900 पार कर गया है। और 75 हजार रुपये से भी अधिक राजस्व की प्राप्ति हुई है। ट्रेड लाइसेंस शाखा प्रभारी राकेश भारती ने बताया कि प्राप्त आवेदनों का निष्पादन प्राथमिकता के आधार पर जल्द किया जाएगा।
निगम की टीम वर्तमान में दुकानों का भ्रमण कर रही है और दुकानदारों को लाइसेंस की अनिवार्यता व आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी दे रही है। शहर में माइकिंग के जरिए भी व्यापारियों को जागरूक किया जा रहा है ताकि वे पेनाल्टी से बच सकें। निगम की टीम जब दुकानों के सर्वे के लिए पहुंच रही है, तो कई दुकानदार वित्तीय वर्ष की समाप्ति का हवाला देकर मोहलत मांग रहे हैं। व्यापारियों का कहना है कि वे अगले महीने से शुरू होने वाले नए वित्तीय वर्ष में ही लाइसेंस बनवाना चाहते हैं। हालांकि, निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नियमों के तहत सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के लिए ट्रेड लाइसेंस अनिवार्य है और आवेदन की प्रक्रिया में देरी पर नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है। निगम का लक्ष्य मार्च अंत तक अधिकतम दुकानों को ऑन-बोर्ड करना है ताकि राजस्व लक्ष्य को प्राप्त किया जा सके।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


