स्नातक सेमेस्टर-2 की परीक्षा शुरू, मारवाड़ी कॉलेज होगा मूल्यांकन केंद्र
पहले दिन शांतिपूर्ण व कदाचारमुक्त परीक्षा का संचालन परीक्षा के साथ-साथ उत्तरपुस्तिका का होगा मूल्यांकन

भागलपुर, वरीय संवाददाता। टीएमबीयू के स्नातक सेमेस्टर-2 (सत्र : 2025-29) की परीक्षा सोमवार से विभिन्न केंद्रों पर शुरू हो गई। पहले दिन शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त तरीके से परीक्षा का संचालन हुआ। परीक्षा नियंत्रक प्रो. विनोद कुमार ओझा सभी केंद्रों पर पर परीक्षा की मॉनिटरिंग कर रहे थे। परीक्षा के साथ-साथ उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन कराने की व्यवस्था की जा रही है, ताकि समय से परिणाम जारी किया जा सके। मूल्यांकन कार्य मारवाड़ी कॉलेज में होगा। परीक्षा नियंत्रक ने मारवाड़ी कॉलेज प्राचार्य सह संग्रहण केंद्र निदेशक प्रो. संजय कुमार झा और सभी केंद्राधीक्षकों को पत्र लिखा है। परीक्षा नियंत्रक ने अपने निर्देश में कहा है कि मारवाड़ी कॉलेज को उत्तरपुस्तिका का संग्रहण केंद्र बनाया गया है।
सभी केंद्राधीक्षकों से कहा गया है कि परीक्षा खत्म होते ही उत्तरपुस्तिकाओं को कॉलेजवार बंडल तैयार करना है। उसपर परीक्षा की तिथि, विषय, पत्र, उत्तर पुस्तिकाओं की कुल संख्या आदि का उल्लेख करते हुए सीलबंद उत्तरपुस्तिका को विशेष दूत के माध्यम से उसी दिन संग्रहण केंद्र पर भेजना है। केंद्र अधीक्षक से उत्तरपुस्तिका रखने के लिए समुचित व्यवस्था करने को कहा गया है।


