ऑनलाइन दस्तावेज आवेदन विद्यार्थियों की काट रही जेब
भागलपुर में टीएमबीयू के विद्यार्थियों को ऑनलाइन दस्तावेज के लिए आवेदन करते समय आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। चालान कटने के बावजूद रिसीविंग नहीं मिल रही है। छात्रों ने विवि से शिकायत की, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। छात्र परिषद ने राज्यपाल को पत्र लिखकर समस्या का समाधान करने की मांग की है।

भागलपुर, कार्यालय संवाददाता टीएमबीयू के विद्यार्थियो की जेब ऑनलाइन दस्तावेज आवेदन करने में कट जा रही है। दरअसल, कई ऐसे मामले आए हैं, जिसमें लोकभवन द्वारा जारी आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से जब विद्यार्थी ऑनलाइन चालान कटा रहे हैं तो पैसा तो कट जाता है, लेकिन उसकी रिसीविंग नहीं मिल रही है, यही वजह है कि विद्यार्थियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। विद्यार्थी इस समस्या को लेकर विवि भी पहुंचे, लेकिन उन्हें कहा गया कि यह विवि स्तर का मामला नहीं है। इस कारण उन्हें दोबारा से चालान कटाकर जमा करना होगा।इस मामले को लेकर जन अधिकार छात्र परिषद के पूर्व प्रदेश महासचिव बजरंग कुमार भगत व विवि अध्यक्ष सत्यम वर्मा ने कहा कि हर दिन ऐसे मामले आ रहे हैं।
वेबसाइट पर दिए गए लिंक के माध्यम से जब डिग्री, प्रोविजनल, माइग्रेशन के लिए चालान कटाते हैं तो रिसिविंग नहीं मिल रहा है। इस मामले को परीक्षा नियंत्रक प्रो. विनोद कुमार ओझा को अवगत कराया गया है। उन्होंने बताया कि इस मामले को लेकर उन लोगों ने लोकभवन में राज्यपाल को पत्र लिख जल्द समस्या निदान कराने और पूरे मामले की जांच कराने को कहा है। अन्यथा मामले को लेकर परीक्षा विभाग में तालाबंदी की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


