
टीमएबीयू में 8000 मानदेय पर रखे जाएंगे गार्ड
निजी एजेंसी के गार्ड हटाए जाने के बाद लिया गया निर्णय जल्द ही गार्ड उपलब्ध
भागलपुर, कार्यालय संवाददाता टीएमबीयू में निजी एजेंसी ने सभी स्थानों से सभी तरह के मानव बल को हटा लिया है। इसको लेकर विवि के गर्ल्स हॉस्टल, कुलपति आवास, लालबाग आवासीय परिसर, पीजी विभाग, सेंट्रल लाइब्रेरी और प्रशासनिक भवन में सुरक्षा को लेकर समस्या हो गई है। इसको लेकर विवि ने अपने स्तर से प्रक्रिया के तहत सुरक्षा के लिए मानव बल को रखने का निर्णय लिया है। जिसे विवि द्वारा तय 8000 रुपये का मानदेय तय किया जाएगा। यह व्यवस्था संविदा नहीं मानी जाएगी। इसको लेकर सोमवार को कुलसचिव डॉ. रामाशीष पूर्वे ने कुलपति प्रो. विमलेंदु शेखर झा के आदेश पर सिंडिकेट हॉल में सभी अधिकारियों, डीन सहित अन्य के साथ बैठक की।
बैठक में 44 मानव बल की जरूरत सामने आई। बैठक में तय हुआ कि एक कमेटी का गठन किया जाएगा। जो मानव बल को रखने के लिए आवेदन से लेकर उसके चरित्र सत्यापन आदि का काम करेगी, ताकि सुरक्षा की जिम्मेदारी जिसे मिले, वे सही लोग हों। कमेटी आवेदकों का इंटरव्यू भी लेगी, ताकि स्वस्थ और मजबूत लोग रखे जाएं। उन्हें रखने के लिए नियम और शर्त भी तय किए जाएंगे। बैठक में लिए निर्णय से कुलपति को अवगत करा दिया गया है। उनके निर्देश पर आगे की प्रक्रिया होगी। दरअसल, अचानक सुरक्षा गार्ड हटाए जाने की वजह से लालबाग स्थित महिला छात्रावासों में सुरक्षा की समस्या आ गई है। इसको लेकर छात्राएं विवि भी पहुंची थीं। उन्हें आश्वस्त किया गया है कि जल्द ही गार्ड उपलब्ध होंगे। बैठक की अध्यक्षता डीएसडब्ल्यू डॉ. अर्चना साह ने की। मौके पर प्रॉक्टर डॉ. एसडी झा, कॉलेज इंस्पेक्टर डॉ. रंजना, विवि अभियंता संजय कुमार सहित कई अन्य मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




