
सीनेट बैठक के लिए मारवाड़ी कॉलेज में कमेटी ने किया स्थलीय निरीक्षण
टीएमबीयू की बजट सीनेट की वार्षिक बैठक जनवरी में प्रस्तावित है। कुलपति प्रो. बिमलेंदु शेखर झा ने विभिन्न कमेटियों का गठन किया है। बैठक के लिए सदस्यों ने बैठक स्थल का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं पर चर्चा की। विधि व्यवस्था के लिए प्रशासन से सहयोग मांगा जाएगा।
भागलपुर, कार्यालय संवाददाता टीएमबीयू की बजट सीनेट की वार्षिक बैठक जनवरी में प्रस्तावित है। इसके लिए कुलपति प्रो. बिमलेंदु शेखर झा ने कई कमेटियों का गठन किया है। शुक्रवार को कमेटी के सदस्यों ने मारवाड़ी कॉलेज में बैठक के लिए स्थलीय निरीक्षण किया। जिस हॉल में बैठक प्रस्तावित है, वहां कमेटी के सदस्यों ने सीटिंग व्यवस्था के बारे में चर्चा की, साथ ही अन्य सदस्यों के लिए बैठने की जगह को लेकर विमर्श किया। इसके अलावा सदस्यों के खाने से लेकर अन्य व्यवस्थाओं के बारे में सदस्यों ने चर्चा की। बैठक में किसी तरह का व्यवधान उत्पन्न न हो, इसके लिए विधि व्यवस्था और सीनेट स्थल पर आवाजाही के रास्तों को देखा गया।
बैठक के लिए जिला और पुलिस प्रशासन से सहयोग मांगा जाएगा, ताकि पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती परिसर में रहे। बैठक के दौरान कुलपति के निर्देशों के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही सदस्यों ने कहा कि बैठक के पश्चात पूरी रिपोर्ट कुलपति को भेजी जाएगी, वे बैठक की तैयारी को लेकर मॉनिटरिंग कर रहे हैं, ताकि किसी तरह की जरूरतों की पूर्ति तत्काल हो सके। लोकभवन ने बैठक की अध्यक्षता करने के लिए कुलपति प्रो. झा को अधिकृत किया है। विवि प्रशासन ने कुलाधिपति के नहीं आने की वजह से राहत की सांस ली है। बैठक में कॉलेज के प्राचार्य डीएसडब्ल्यू डॉ. अर्चना साह, कॉलेज इंस्पेक्टर डॉ. रंजना, मारवाड़ी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजय कुमार झा, सीसीडीसी डॉ. एके घोष, बीएन कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अनिरुद्ध कुमार, सिंडिकेट सदस्य डॉ. मृत्युंजय सिंह गंगा, सीनेट सदस्य डॉ. मुस्फिक आलम, डॉ. एके दत्ता, डॉ. स्वस्तिका दास सहित अन्य मौजूद थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




