
लखीसराय: ईवीएम स्ट्रांग रूम की सुरक्षा कड़ी, 24 घंटे हो रही सीसीटीवी निगरानी
संक्षेप: लखीसराय में विधानसभा चुनाव के बाद ईवीएम मशीनों को पॉलिटेक्निक कॉलेज में स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखा गया है। प्रशासन ने सुरक्षा के लिए त्रिस्तरीय व्यवस्था की है और सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में सभी मशीनों को सील किया गया है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
विधानसभा चुनाव के संपन्न होने के बाद लखीसराय में ईवीएम मशीनों को पूर्ण सुरक्षा व्यवस्था के बीच पॉलिटेक्निक कॉलेज में स्ट्रांग रूम में जमा कर सील कर दिया गया है। मतगणना से पहले किसी भी प्रकार की अनियमितता न हो, इसके लिए प्रशासन ने चौकसी बढ़ा दी है। सभी ईवीएम और वीवीपैट मशीनों को संबंधित प्रखंडों से मतगणना केंद्र लाकर पदाधिकारियों की उपस्थिति में जमा किया गया। इसके बाद जिला निर्वाचन पदाधिकारी और पर्यवेक्षकों की देखरेख में स्ट्रांग रूम को विधिवत सील कर दिया गया। पूरी प्रक्रिया सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में की गई, ताकि किसी भी गतिविधि की रिकॉर्डिंग उपलब्ध रहे।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, स्ट्रांग रूम की सुरक्षा को लेकर त्रिस्तरीय व्यवस्था की गई है। चारों ओर पुलिस बल और अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है। मतगणना केंद्र के आसपास किसी को भी बिना अनुमति के प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। कहा जा रहा है कि सुरक्षा इतनी कड़ी है कि वहां परिंदा भी पर नहीं मार सकता। प्रत्येक राजनीतिक दल के अधिकृत प्रतिनिधि को भी वहां मौजूद रहकर निगरानी की अनुमति दी गई है। ये प्रतिनिधि चौबीसों घंटे स्ट्रांग रूम के बाहर बने विशेष निगरानी केंद्र से सीसीटीवी फीड पर नजर रख सकते हैं।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि सभी मशीनें सुरक्षित हैं और मतगणना दिवस तक उनके आसपास किसी को जाने की अनुमति नहीं है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। सुरक्षा कर्मियों की लगातार तैनाती और सीसीटीवी निगरानी के कारण मतगणना केंद्र के पास माहौल पूरी तरह नियंत्रण में है। प्रशासन का दावा है कि मतगणना दिवस तक सभी ईवीएम पूरी तरह सुरक्षित और संरक्षित रहेंगे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




