लखीसराय: तत्काल टिकट की अव्यवस्था, सुबह 3 बजे से लगती है कतार, नंबर सिस्टम से यात्री परेशान

Newswrap हिन्दुस्तान, भागलपुर
share

लखीसराय रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को तत्काल टिकट पाने के लिए सुबह 3 बजे से लाइन में लगना पड़ता है। टिकट काउंटर के पास अनौपचारिक व्यवस्था के कारण वास्तविक यात्रियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कुछ लोग इसे व्यवसाय बना चुके हैं, जिससे टिकट प्राप्त करना मुश्किल हो रहा है। रेल प्रशासन ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

लखीसराय: तत्काल टिकट की अव्यवस्था, सुबह 3 बजे से लगती है कतार, नंबर सिस्टम से यात्री परेशान

लखीसराय से अजय कुमार की रिपोर्ट: लखीसराय रेलवे स्टेशन पर तत्काल टिकट पाने की होड़ यात्रियों के लिए परेशानी का कारण बनती जा रही है। टिकट काउंटर खुलने से कई घंटे पहले ही लोग सुबह करीब 3 बजे से लाइन में लगना शुरू कर देते हैं, ताकि उन्हें पहले टिकट मिल सके। बढ़ती भीड़ और जल्द टिकट पाने की होड़ के बीच स्टेशन परिसर में एक पुरानी और अनौपचारिक व्यवस्था आज भी जारी है, जिससे आम यात्रियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार, कई लोग टिकट काउंटर के पास एक कागज पर अपना नाम-पता लिखकर या ईंट के सहारे नंबर लगाकर अपनी जगह सुरक्षित कर लेते हैं।

बाद में समय आने पर वे उसी नंबर के आधार पर लाइन में खड़े होने का दावा करते हैं। इस व्यवस्था के कारण समय पर स्टेशन पहुंचने वाले यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है और कई बार विवाद की स्थिति भी बन जाती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ लोगों ने इसे एक तरह का व्यवसाय बना लिया है। ऐसे लोग सुबह से लाइन में लग जाते हैं और बाद में जरूरतमंद यात्रियों से पैसे लेकर अपनी जगह या टिकट उपलब्ध कराने का काम करते हैं। इससे वास्तविक यात्रियों को टिकट मिलने में दिक्कत होती है और कई लोग मजबूरी में अतिरिक्त पैसे खर्च कर टिकट लेने को बाध्य हो जाते हैं। हालांकि, रेल प्रशासन समय-समय पर टिकट अनियमितताओं पर रोक लगाने के लिए छापेमारी अभियान चलाता है, लेकिन इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों की पहचान कर पाना चुनौती बना हुआ है। इस संबंध में आरपीएफ इंस्पेक्टर प्रशांत कुमार ने कहा कि यदि इस प्रकार की कोई भी शिकायत या सूचना मिलती है तो तत्काल कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि स्टेशन पर लगने वाली कतार और गतिविधियों पर प्रशासन की लगातार निगाह बनी रहती है।

कृपया अपने अनुभव को रेट करें

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।