
थायराइड की अनदेखी ने बना दिया हाइपरटेंशन-निमोनिया का बीमार
मायागंज अस्पताल में छह माह में मिले 456 थायराइड के मरीज लंबे समय तक थायराइड
भागलपुर, वरीय संवाददाता अगर आप लंबे समय थकान, कमजोरी व अधिक नींद आने की समस्या से जूझ रहे हैं और आप इस समस्या को विटामिन की कमी मानकर नजरअंदाज कर रहे हैं तो आप थायराइड का जांच करा लें। थायराइड की बीमारी को लंबे समय तक नजरंदाज करने से लोग हाईपरटेंशन (हाई बीपी) व निमोनिया के शिकार होने लगे हैं। चिकित्सकों के अनुसार, थायराइड के लक्षणों को नजरंदाज करने के बजाय एक बार थायराइड की जांच करा लें, अगर निकले तो तुरंत ही डॉक्टर से संपर्क करते हुए अपना इलाज शुरू करा दें, नहीं तो आगे चलकर कई प्रकार की बीमारियों का शिकार हो जाएंगे।

जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (मायागंज अस्पताल) के आउटसोर्सिंग पैथोलॉजी सेंटर में जून 2025 से लेकर नवंबर 2025 के बीच 20 साल से लेकर 65 साल के बीच के कुल 753 मरीजों की थायराइड जांच की गई। लैब के एमडी प्रशांत कुमार सिंह ने बताया कि इनमें से 456 मरीजों में थायराइड का होना पाया गया। जांच रिपोर्ट में पाया गया कि कुल सैंपल में से 50 प्रतिशत थायराइड के ऐसे मरीज मिले, जिनकी उम्र 20 से 40 साल के बीच रही। बड़ी बात ये है कि इनमें से करीब 60 प्रतिशत मरीज युवतियां या फिर शादीशुदा महिलाएं थीं। इन लोगों में थायराइड जांच की पुष्टि तब हुई, जब ये विभिन्न बीमारियों का इलाज कराने के लिए अस्पताल में भर्ती हुए थे या फिर ओपीडी में इलाज को पहुंचे थे। इससे पहले इनमें से 60 प्रतिशत मरीजों को तो मालूम ही नहीं था कि वे थायराइड से पीड़ित हैं। नियमित रूप से करानी होगी थायराइड की जांच मायागंज अस्पताल के मेडिसिन विभाग के प्रोफेसर एंड हेड डॉ. राजकमल चौधरी कहते हैं कि लगातार अनदेखी के कारण थायराइड की बीमारी बढ़ जाती है। इसमें निमोनिया, ऑक्सीजन की कमी के साथ-साथ ब्लड प्रेशर बढ़ने की समस्या प्रमुख हैं। उन्होंने बताया कि हाईपरटेंशन व निमोनिया के करीब 35 प्रतिशत मरीजों को अस्पताल में भर्ती होने की जरूरत पड़ी। मरीजों ने बताया कि हां, बीते कई सालों से उन्हें नींद ज्यादा आ रही थी और थकान व कमजोरी की शिकायत रहती थी। इन मरीजों का थायराइड को कम करने के लिए एंटी थायराइड दवा शुरू कर दी गई। ऐसे मरीजों को अब जिंदगी भर एंटी थायराइड की दवा खानी पड़ेगी। साथ ही नियमित रूप से थायराइड (टी-3, टी-4, टीसीएच) की जांच करानी होगी। कोट अगर थकान, कमजोरी हर वक्त सताए और नींद खूब आए तो लोगों को थायराइड की जांच करानी चाहिए। कारण, तीन से पांच साल तक अगर कोई थायराइड की बीमारी को इग्नोर करेगा तो उसे हाई बीपी व निमोनिया से लेकर ऑक्सीजन की कमी की समस्या हो जाएगी। : डॉ. राजकमल चौधरी, प्रोफेसर एंड हेड मेडिसिन विभाग, जेएलएनएमसीएच भागलपुर

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


