
पूर्णिया: मोबाइल झपट्टामार गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार, आठ मोबाइल बरामद
केनगर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर मोबाइल झपट्टामार गिरोह के तीन युवकों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके पास से आठ एंड्रॉयड मोबाइल और एक अपाची बाइक बरामद की। आरोपियों में सौरभ, रौशन और मनीष शामिल हैं, जो चोरी के मोबाइल खरीद-बिक्री में लिप्त थे। सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
केनगर, एक संवाददाता। केनगर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मोबाइल झपट्टामार गिरोह के तीन युवकों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके पास से छीने गए आठ एंड्रॉयड मोबाइल और एक अपाची बाइक बरामद की है। थानाध्यक्ष मुन्ना कुमार पटेल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में थाना क्षेत्र के परोरा पंचायत वार्ड संख्या 15 निवासी विनोद पासवान का 23 वर्षीय पुत्र सौरभ कुमार पासवान, अर्जुन प्रसाद सिंह का 23 वर्षीय पुत्र रौशन कुमार सिंह तथा वार्ड संख्या 16 निवासी ठाकुर प्रसाद सिंह का 22 वर्षीय पुत्र मनीष कुमार सिंह शामिल हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि मछली व्यवसायी रौशन कुमार अपने व्यवसाय की आड़ में चोरी के मोबाइल खरीद-बिक्री का धंधा कर रहा है।
सूचना के सत्यापन के लिए पुलिस टीम गठित कर गश्ती वाहन के माध्यम से रौशन के घर पर छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान रौशन के पास से पांच मोबाइल बरामद किए गए और उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। कड़ाई से पूछताछ में रौशन ने बताया कि सौरभ और मनीष मोबाइल झपट्टा मारकर उसे बेचते थे। रौशन की निशानदेही पर पुलिस ने मनीष और सौरभ को भी गिरफ्तार कर लिया। मनीष के पास से एक मोबाइल और सौरभ के पास से दो मोबाइल तथा एक नीले रंग की अपाची बाइक बरामद की गई। इस तरह कुल आठ एंड्रॉयड मोबाइल पुलिस ने जब्त किए। थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार तीनों को शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




