खरीक पुलिस को चकमा देकर हथकड़ी समेत फरार हुआ बदमाश

हिन्दुस्तान, भागलपुर
Follow us on Google News
share

शौच के बहाने शौचालय गया और पुलिस जवानों के सामने से भाग निकला पिस्टल, कारतूस

खरीक पुलिस को चकमा देकर हथकड़ी समेत फरार हुआ बदमाश

नवगछिया, निज संवाददाता। खरीक थाना क्षेत्र में रविवार की देर रात पिस्टल और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया एक शातिर बदमाश सोमवार की सुबह करीब पांच बजे हथकड़ी समेत थाने से फरार हो गया। इस घटना को लेकर पूरे इलाके में चर्चा है। हालांकि, स्थानीय पुलिस अधिकारिक रूप से इस मामले में कुछ भी बताने से साफ इनकार कर रही है। थाने से बदमाश के भागने की पुष्टि इलाके के प्रत्यक्षदर्शियों से भी हो रही है। सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले बाजार के कई लोगों ने हथकड़ी लगे बदमाश को तेजी से भागते और पुलिस के जवानों को उसे खदेड़ते हुए अपनी आंखों से देखा है। हालांकि, मुस्तैद रहने का दावा करने वाली पुलिस भाग रहे बदमाश को दोबारा पकड़ने में पूरी तरह असफल रही। फरार हुआ बदमाश तेलघी गांव का निवासी बताया जा रहा है。

वाहन चेकिंग के दौरान हथियार के साथ हुई थी गिरफ्तारी

घटना के संबंध में बताया जाता है कि रविवार की देर रात पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दो युवक हथियार और गोली खरीदकर तेलघी गांव की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही खरीक पुलिस ने एनएच 14 पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान एक बाइक पर सवार दो युवकों को जैसे ही पुलिस ने रोककर तलाशी लेनी शुरू की, तो उनमें से एक युवक पुलिस को चकमा देकर और अंधेरे का लाभ उठाकर पास के बगीचे के रास्ते ध्रुवगंज गांव की ओर भाग निकला। भागने के क्रम में उसकी कमर से एक पिस्टल नीचे गिर गई, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। इसके बाद पुलिस ने मौके से बाइक सवार दूसरे बदमाश को धर-दबोचा। पकड़े गए बदमाश के पास से भी पुलिस ने गोली और एक खोखा बरामद किया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर थाने लाया गया और हाजत में बंद कर दिया गया।

शौचालय लेकर जाने के दौरान हुआ फरार

सोमवार की सुबह करीब पांच बजे हाजत में बंद बदमाश ने शौच जाने की बात कही। संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस जवानों ने उसे हथकड़ी लगाई और थाना परिसर में ही स्थित शौचालय ले गए। वहां शौच के दौरान ही वह पुलिसकर्मियों को चकमा देकर हथकड़ी समेत रफूचक्कर हो गया। इस बड़ी लापरवाही के बाद से पूरे इलाके में खरीक पुलिस की कार्यशैली और सुरक्षा व्यवस्था पर तरह-तरह के गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। वहीं, इस पूरे संवेदनशील मामले को लेकर जब खरीक थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर नरेश कुमार से बात की गई, तो उन्होंने सुरक्षा में चूक की बात को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि थाने से किसी भी बदमाश के भागने जैसी कोई घटना नहीं हुई है।

सामान्य प्रश्न

किस थाना क्षेत्र में बदमाश फरार हुआ?
बदमाश खरीक थाना क्षेत्र से फरार हुआ।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।