
कहलगांव शहर में एक ही रात ठाकुरबाड़ी और मंदिर में चोरी
संक्षेप: राधाकृष्ण ठाकुरबाड़ी और सरस्वती मंदिर में हुई चोरी की घटना चांदी का मुकुट, बांसुरी, छत्र
कहलगांव शहर में बुधवार की रात अलग-अलग जगहों पर स्थित दो देवस्थल राधाकृष्ण ठाकुरबाड़ी एवं सरस्वती मंदिर में चोरी की घटना हुई है। दो मंदिरों में एक ही रात चोरी की घटना को लेकर नगरवासियों में दहशत छा गया है। चौधरी टोला स्थित ऐतिहासिक धारिक्षण महाराज की राधाकृष्ण ठाकुरबाड़ी में अज्ञात बदमाशों ने मुख्य द्वार का ताला तोड़कर, मंदिर के किवाड़ का शीशा तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया है। बदमाश चांदी का मुकुट, चांदी का बांसुरी, छत्र, टीवी, सीसीटीवी कैमरा दो सेट आदि करीब पचास हजार का सामान चुरा ले गए। ठाकुरबाड़ी के सेवायत सह प्रबंधक बालकृष्ण पांडेय जब सुबह में पूजा अर्चना करने पहुंचे तब चोरी का पता चला।

हल्ला होने पर मंदिर के बाहर भक्तों की भीड़ लग गई। सेवायत सह प्रबंधक ने थाना में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी है। सीसीटीवी में दो बदमाश चोरी की घटना को अंजाम देते हुए कैद हो गए हैं। इसी ठाकुरबाड़ी में दस साल पूर्व अज्ञात चोरों ने अष्टधातु की सभी प्रतिमाएं चोरी की थी। जिसका आजतक पता नहीं चल पाया है। वहीं कायस्थ टोला में स्थित सरस्वती मंदिर में अज्ञात बदमाशों ने मंदिर गेट का लॉक खोलकर मां सरस्वती और बजरंग बली के चांदी का मुकुट, गले का हार, हाथ-पैर के चांदी का कड़ा, एम्प्लीफायर, कोडलेश माइक चुरा ले गए। जिसकी कीमत करीब 75 हजार रुपये है। मंदिर के पुजारी जयप्रकाश मिश्र ने बताया कि सुबह में चोरी होने का पता चला है। देवकीनंदन लाल ने थाना में चोरी की प्राथमिकी दर्ज करायी है। पुलिस सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। (बयान आएगा)

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




