Bhagalpur News: यू-डायस पर अबतक नए छात्रों का पंजीयन पूरा नहीं
Bhagalpur News: 30 सितंबर तक ऑनलाइन एंट्री की अंतिम तिथि थी स्कूल प्रबंधन को दिया गया

Bhagalpur News: भागलपुर, वरीय संवाददाता। जिले के सरकारी और निजी स्कूलों में नामांकन लेने वाले नए छात्रों का यू-डायस पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण अब तक पूरा नहीं हो सका है। निर्धारित समयसीमा के अनुसार 30 सितंबर तक नए छात्रों की जानकारी पोर्टल पर ऑनलाइन दर्ज करनी थी। इसके बावजूद जिले के हजारों छात्रों का डेटा अब तक अपलोड नहीं किया गया है। यू-डायस पर स्कूलों को नए नामांकित छात्रों से संबंधित आवश्यक जानकारी दर्ज करनी है। इसमें सरकारी और निजी, दोनों प्रकार के स्कूल शामिल हैं। विभाग की ओर से स्कूल प्रबंधन को निर्धारित समय के भीतर विद्यार्थियों का पूरा विवरण अपलोड करने के निर्देश दिए गए थे।
समयसीमा समाप्त होने के बाद भी कई स्कूलों ने प्रक्रिया पूरी नहीं की है।बताया जा रहा है कि शैक्षणिक सत्र में नए प्रवेश लेने वाले छात्रों का रिकॉर्ड समय पर पोर्टल पर दर्ज नहीं होने से जिले में यू-डायस डाटा अधूरा रह गया है। विभाग ने फिलहाल स्कूल प्रबंधन को ऑनलाइन एंट्री पूरी करने के लिए अतिरिक्त समय दिया है। जिला शिक्षा कार्यालय के एसएसए के पदाधिकारी शिवकुमार ने बताया कि अतिरिक्त समय में भी डेटा अपलोड नहीं करने वाले स्कूलों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। स्कूलों से जल्द से जल्द लंबित छात्र विवरण दर्ज करने को कहा गया है।

