ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहार भागलपुरउगते हुए सूर्य को अर्घ्य देने के साथ महापर्व का समापन

उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देने के साथ महापर्व का समापन

चार दिनों तक चलने वाला यह पर्व 31 अक्टूबर को नहाय-खाय के साथ शुरू हुआ था। शनिवार को श्रद्धालुओं ने डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया था। बरारी सीढ़ी घाट, पुल घाट, बूढ़ानाथ घाट, आदमपुर घाट, मानिक सरकार...

उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देने के साथ महापर्व का समापन
हिन्दुस्तान टीम,भागलपुरMon, 04 Nov 2019 01:44 AM
ऐप पर पढ़ें

चार दिनों तक चलने वाला यह पर्व 31 अक्टूबर को नहाय-खाय के साथ शुरू हुआ था। शनिवार को श्रद्धालुओं ने डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया था। बरारी सीढ़ी घाट, पुल घाट, बूढ़ानाथ घाट, आदमपुर घाट, मानिक सरकार घाट, कोयला घाट, कस्बा घाट, सखीचंद घाट आदि जगहों पर लोगों की भीड़ काफी रही।

घरों से घाट तक जाने के दौरान कई जगहों पर ‘केलवा जे फरेला घवद से..., ‘ओह पर सुगा मेड़राय..., ‘आदित लिहो मोर अरगिया..., ‘दरस देखाव ए दीनानाथ..., ‘उगी है सुरुजदेव...:,‘ हे छठी मइया तोहर महिमा अपार..., ‘कांच ही बांस के बहंगिया बहंगी लचकत जाय...., आदि छठ गीतों के बीच भक्तिमय माहौल में लोग सिर पर डाला लेकर चल रहे थे। कई लोग दंड प्रणाम कर घाट पहुंचे। इस दौरान उनसे लोग रास्ते भर आशीर्वाद लेने पहुंचे। घाट पर कई लोगों ने अपने-अपने बच्चों का मुंडन भी कराया। घाटों पर सजावट, रोशनी, प्राथमिक उपचार, खोया-पाया, सूचना केंद्र के साथ तैराक की भी व्यवस्था थी। स्वयंसेवी संस्थाओं ने भीखनपुर, कोतवाली चौक, दवापट्टी, खलीफाबाग आदि जगहों पर सफाई, शर्बत आदि की व्यवस्था की थी। साथ ही सड़क को बैलून व रंगोली से सजाया गया था। जगह-जगह पर ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किया गया था।

बरारी पुल घाट से हुआ सीधा प्रसारण

बरारी पुल घाट पर छठ पूजा समिति ने सीधा प्रसारण की व्यवस्था की थी। घाट पर दोनों दिन ड्रोन कैमरे से निगरानी की गयी। समिति के अध्यक्ष नवीन सिंह कुशवाहा ने बताया कि लाइट से लेकर सजावट तक की अच्छी व्यवस्था की गयी थी। सुरक्षा के दृष्टिकोण से आठ तैराक को लगाया गया था। साथ ही दो डेंगी व एक जेनरेटर वाली नाव का इंतजाम किया गया। कोषाध्यक्ष मनोज पंडित, सचिव काशीकांत सिंह, पंकज मिश्रा, शंकर जयसवाल, तैराक मुकेश महलदार, अजय ठाकुर, अर्जुन मांझी पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सहयोग में जुड़े रहे।

बूढ़ानाथ घाट पर महाआरती, शहीदों को दी गयी श्रद्धांजलि

बूढ़ानाथ घाट पर शनिवार को घाट किनारे गंगा की महाआरती की गयी। इसके बाद शहीदों की याद में अखंड दीप जलाया गया। नगर विधायक अजीत शर्मा, उपमहापौर राजेश वर्मा, पूर्व मेयर वीणा यादव, दीपक भुवानियां, पूर्व महापौर डॉ. प्रीति शेखर, मृणाल शेखर, मोहित सिंह, वार्ड पार्षद संजय सिन्हा, अंग समिति के सदस्य अभय घोष सोनू, वेद प्रकाश सिन्हा आदि ने शहीद कॉरिडोर में अखंड दीप जलाये। प्रवक्ता विनय कुमार सिन्हा ने बताया कि शनिवार को रात्रि में श्रद्धालुओं के बीच खिचड़ी प्रसाद का वितरण किया गया। घाट पर सूर्य की प्रतिमा भी स्थापित की गयी थी, जिसका विसर्जन रविवार को किया गया।

आदमपुर घाट पर दूध की व्यवस्था

आदमपुर घाट समिति ने घाट पर व्रत कर रही महिलाओं के लिए दूध व पूजन सामग्री की व्यवस्था की थी। अध्यक्ष देवकुमार पांडेय ने बताया कि सुरक्षा के दृष्टिकोण से घेराबंदी की गयी थी। घाट पर महाआरती का आयोजन भी हुआ। इसमें नगर विधायक अजीत शर्मा, भाजपा नेता अर्जित शाश्वत चौबे आदि विशेष रूप से मौजूद थे।

सखीचंद घाट में खिचड़ी का लगा भोग

कस्बा गोला घाट व सखीचंद घाट में खिचड़ी का भोग लगाया था। इसके अलावा सखीचंद घाट रोड में छठ पूजा समिति के संयोजक राकेश कुमार ओझा ने लाइट की व्यवस्था की थी। राकेश ने बताया कि कस्बा गोला घाट में विजय चौधरी के नेतृत्व में घाट तैयार किया गया था। इस कारण श्रद्धालुओं को वहां पूजा करने में परेशानी नहीं हुई।

डीएम व नगर आयुक्त भी विभिन्न घाटों का किया निरीक्षण

नगर विधायक, डीएम, नगर आयुक्त आदि ने छठ पूजा के दौरान विभिन्न घाटों का निरीक्षण किया। छोटी खंजरपुर छठ पूजा समिति से जुड़े प्रवीण झा ने बताया कि घाट पर अच्छी व्यवस्था की थी। खुद डीएम व नगर आयुक्त घाट पहुंची और व्यवस्था को दुरुस्त कराया।

कई लोगों ने गड्ढा बनाकर की पूजा

कुछ श्रद्धालुओं ने घरों में पोखरनुमा तालाब बनाकर छठ पूजा की। बड़ी खंजरपुर की संध्या मिश्रा, लोदीपुर में रानू पांडेय ने घर के पास पोखर बनाकर पूजा की। आनंदगढ़ कॉलोनी की सुधा पाण्डेय, भीखनपुर की नीलम देवी ने छतों पर पानी की व्यवस्था कर पूजा की। इसके अलावा लालूचक, कुतुबगंज, सिकन्दरपुर, वारसलीगंज, हाउसिंग बोर्ड व अन्य जगहों पर तालाबनुमे गड्ढे बनाकर पूजा की गयी। गड्ढे के आसपास केला का पत्ता, रोशनी, फूल आदि की व्यवस्था की गयी थी।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें