किशनगंज: नवनिर्मित मत्स्य बाजार के हस्तांतरण को लेकर नगर पंचायत ने जिला प्रशासन से मांगा मार्गदर्शन

हिन्दुस्तान, भागलपुर
Follow us on Google News
share

नगर पंचायत ठाकुरगंज क्षेत्र में नवनिर्मित मत्स्य बाजार के हस्तांतरण को लेकर प्रशासनिक प्रक्रिया तेज हो गई है। नगर पंचायत ने जिला पदाधिकारी से दिशा-निर्देश मांगे हैं ताकि लाभुकों का चयन और किराये का निर्धारण जल्दी किया जा सके। इससे स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

किशनगंज: नवनिर्मित मत्स्य बाजार के हस्तांतरण को लेकर नगर पंचायत ने जिला प्रशासन से मांगा मार्गदर्शन

ठाकुरगंज से राजीव कुमार सिन्हा की रिपोर्ट नगर पंचायत ठाकुरगंज क्षेत्र में नवनिर्मित मत्स्य बाजार के हस्तांतरण को लेकर प्रशासनिक स्तर पर प्रक्रिया तेज हो गई है। इस संबंध में नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी ने जिला पदाधिकारी, किशनगंज को पत्र भेजकर आवश्यक दिशा-निर्देश एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। पत्र के अनुसार नगर पंचायत ठाकुरगंज के वार्ड संख्या-09 स्थित गुदरी बाजार में नगर पंचायत की भूमि पर जिला मत्स्य पदाधिकारी-सह-मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी, किशनगंज के माध्यम से मत्स्य बाजार का निर्माण कराया गया है। निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद इसके लाभुकों के चयन, दुकानों के किराये के निर्धारण तथा बाजार के अनुरक्षण और संचालन को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं होने के कारण नगर पंचायत ने जिला प्रशासन से मार्गदर्शन मांगा है।

नगर पंचायत द्वारा भेजे गए पत्र में बताया गया है कि नगर विकास एवं आवास विभाग, बिहार सरकार के पूर्व के निर्देशों के तहत मत्स्य बाजार के निर्माण के बाद इसके प्रबंधन एवं विपणन से संबंधित कार्य जिला मत्स्य पदाधिकारी के समन्वय से किए जाने का प्रावधान है। वहीं, जिला मत्स्य पदाधिकारी कार्यालय द्वारा भेजे गए पत्र में राज्यादेश के तहत मत्स्य बाजार की दुकानों के वार्षिक किराये का निर्धारण, आवंटन, वसूली, रखरखाव एवं प्रबंधन की जिम्मेदारी जिला मत्स्य पदाधिकारी की बताई गई है। ऐसी स्थिति में नगर पंचायत ने जिला प्रशासन से स्पष्ट निर्देश जारी करने की मांग की है, ताकि नवनिर्मित मत्स्य बाजार का विधिवत हस्तांतरण कर लाभुकों का चयन, किराये का निर्धारण एवं इसके सुचारू संचालन की प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ की जा सके। नगर पंचायत के इस पहल से उम्मीद जताई जा रही है कि लंबे समय से तैयार मत्स्य बाजार जल्द ही आमजन और मत्स्य व्यवसायियों के लिए उपयोग में लाया जा सकेगा, जिससे स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा और नगर क्षेत्र में बेहतर बाजार व्यवस्था सुनिश्चित हो सकेगी।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।