मारपीट के बाद बीसीई के विद्यार्थियों में दहशत का माहौल

मारपीट के बाद बीसीई के विद्यार्थियों में दहशत का माहौल

संक्षेप:

आज अनुशासन समिति शुरू कर सकती है जांच आरोपितों पर एक और केस किया गया

Sep 15, 2025 03:27 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, भागलपुर
share

भागलपुर, कार्यालय संवाददाता भागलपुर कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग (बीसीई) परिसर में शुक्रवार को हुई मारपीट की घटना के बाद से दहशत का माहौल है। जो विद्यार्थी हॉस्टल में रूके हैं, उनके बीच डर व्याप्त है। उन्हें आशंका है कि फिर से यह स्थिति न बने। हालांकि सुरक्षा कारणों से कॉलेज प्रशासन ने फर्स्ट ईयर के विद्यार्थियों को छोड़ बाकी विद्यार्थियों को हॉस्टल खाली करने का आदेश दिया है, ताकि परिसर में शांति व्याप्त हो। वहीं घटना में घायल पटना निवासी छात्र आयुष राज पांडेय का एम्स पटना में इलाज चल रहा है। उसके परिजनों ने बताया कि उसकी स्थिति स्थिर है। वहीं मारपीट में घायल एक और बीसीई के विद्यार्थी ने जीरोमाइल थाने में 10 आरोपित व अन्य अज्ञात के खिलाफ जानलेवा हमला सहित अन्य आरोपों में केस दर्ज कराया है।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

मारपीट में चार से अधिक छात्र घायल हैं, जो गंभीर रूप से घायल आयुष के साथ ही कॉलेज परिसर में बॉयोमेट्रिक उपस्थिति बनाने के लिए पहुंचे थे। पुलिस ने मामले को लेकर दो घायलों के बयान पर अलग-अलग मामला दर्ज किया है। आयुष की मां के बयान पर शनिवार को केस दर्ज किया गया है। इसमें कई विद्यार्थियों पर नामजद केस है, जिन्होंने लाठी, डंडे सहित अन्य हथियारों से हमला किया था। कॉलेज प्रशासन की अनुशासन समिति सोमवार को जांच शुरू कर सकती है। कमेटी के सदस्य मारपीट की घटना के कारणों के बारे में जानकारी इकट्ठा करेगी, ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके। घटना के बाद पुलिस विशेष रूप से कॉलेज पर नजर रख रही है। रविवार को भी पुलिस की गश्ती कॉलेज में पहुंची थी। सोमवार को भी पुलिस की निगरानी कॉलेज में होगी, ताकि किसी तरह की घटनाएं दोबारा नहीं हो। इस मामले में जीरोमाइल थानेदार नीरज कुमार ने बताया कि एक अन्य छात्र के बयान पर 10 आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच चल रही है। आरोपितों पर कार्रवाई होगी। जबकि कॉलेज प्राचार्य डॉ. ओपी राय ने बताया कि कॉलेज पर नजर रखी जा रही है।