
सुपौल : बिहार में रुकेगा पालयन, हर परिवार में एक सरकारी नौकरी : तेजस्वी
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बिहार में बदलाव और रोजगार के लिए एक मौका मांगा। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार बनने पर हर परिवार के सदस्य को सरकारी नौकरी मिलेगी और महिलाओं को माई बहन योजना के तहत हर महीने 2500 रुपये दिए जाएंगे। तेजस्वी ने एनडीए सरकार पर आरोप लगाया कि उन्होंने 20 साल में कुछ नहीं किया।
मरौना, एक संवाददाता। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में बदलाव, परिवर्तन, नौकरी और रोजगार के लिए हमें एक मौका दीजिए। हमारी सरकार बनी तो बिहार का हर घर खुशहाल होगा। जिस परिवार में सरकारी नौकरी नहीं है, वैसे हर परिवार के एक-एक सदस्य को सरकारी नौकरी मिलेगी। उन्होंने कहा बिहार में बदलाव के साथ सुपौल में भी बदलाव जरूरी है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने उक्त बातें गुरुवार को रविंद्र कुमार रमण स्टेडियम व अनंत हाई स्कूल गनौरा परसौनी के मैदान में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद ने बिहार में सामाजिक न्याय किया।
अब मैं आर्थिक न्याय करूंगा। बिहार में शराबबंदी कानून सिर्फ कागजों पर रह गया है। आज बिहार में शराब की होम डिलीवरी हो रही है। तेजस्वी ने महागठंधन की सरकार बनने पर हर परिवार में एक नौकरी और महिलाओं को माई बहन योजना के तहत हर महीने 25 सौ रुपये देने का वादा भी किया। कहा कि हमारी सरकार बनने के बाद मकर संक्रांति के दिन 14 जनवरी को हर महिलाओं के खाते में पूरे साल का 30 हजार एक साथ दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार के 20 साल के शासन में जो नहीं हुआ, वो 20 माह में करके दिखाएंगे। उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा की नौकरी चाहिए कि नहीं। सभी ने एक साथ हाथ उठाकर हामी भरी उत्साहित भीड़ से बदलाव की अपील कर महागठबंधन प्रत्याशी मिन्नतुल्लाह रहमानी को माला पहनाई। उन्होंने कहा कि समय कम है, आज 18 सभा करनी है। इसके साथ ही सभा को समापन कर निकल पड़े। पहले से एक हेलीकॉप्टर लगा था, हेलीकॉप्टर बदलकर दूसरे हेलीकॉप्टर में बैठकर रवाना हो गए। तेजस्वी ने कहा कि 17 महीने में उन्होंने पांच लाख सरकारी नौकरी दी। साढ़े चार लाख नियोजित शिक्षक को राज्यकर्मी का दर्जा दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार रिश्वत के रूप में महिलाओं को 10 हजार रुपये दे रही है। इसे बाद में सूद समेत लौटाना पड़ेगा। कहा कि महागठबंधन के शासन में कोई गुंडागर्दी करेगा तो उसे सजा जरूर मिलेगी। तेजस्वी किसी को नहीं बख्शेगा। वक्ताओं ने कहा कि 35 सालों से एक ही व्यक्ति सुपौल विधानसभा में बने हुए हैं। 20 सालों से मरौना की जनता भी मरौना-सुपौल की जोड़ने की आस में लगातार वोट देकर उन्हें विधायक बनाने का काम किया। लेकिन मरौना सुपौल के 20 मिनट के रास्ते 80 किमी की दूरी दो घंटे का सफर जाने और दो घंटे आने यानि पूरे दिन का समय लोगों का बर्बाद हो जाता है। लेकिन मरौना के लोगों का सपना आज तक साकार नहीं हुआ। तेजस्वी ने कहा कि बिहार में तेजस्वी मुख्यमंत्री और मुकेश सहनी उपमुख्यमंत्री बने और सुपौल का विधायक मिन्नतुल्लाह रहमानी बने तो सबसे पहले मरौना से सुपौल को जोड़ने का काम किया जाएगा। इस पर लोगो ने जमकर तालिया बजाया। सभा की अध्यक्षता कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष महेश प्रसाद यादव और मंच संचालन राजद प्रखंड अध्यक्ष सत्यनारायण यादव ने की। इस मौके पर अभिषेक दत्त, महागठबंधन प्रत्याशी मिन्नतुल्लाह रहमानी, वीआईपी के जिला प्रतिनिधि गिरधारी मुखिया, एससी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष मदन पासवान, मुखिया एकता यादव, पूर्व प्रमुख विद्या देवी, युवा राजद जिला अध्यक्ष लव यादव, मानिक लाल यादव, पूर्व मुखिया मो. अल्लाउदीन, रामनारायण यादव, भरत यादव, पूर्व जिला परिषद रंजीत यादव, प्रदेश महासचिव नितीश मुखिया,अशोक यादव, सरफराज आलम, पूर्व प्रमुख लालेश्वर सिंह समेत अन्य मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




