
आम के पेड़ से फंदा लगाकर किशोर ने की आत्महत्या
जगदीशपुर थाना क्षेत्र के हड़वा गांव का मामला किशोर को कुछ लोगों ने फंदे से
जगदीशपुर थाना क्षेत्र के हड़वा गांव में एक किशोर ने आम के पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना बुधवार अहले सुबह चार बजे की है। मृतक की पहचान गौतम सिंह के पुत्र छोटू कुमार (16) के रूप में की गई है। सुबह कुछ लोगों ने उसे पेड़ से लटकते देखा। जिसके बाद पूरे गांव में सनसनी फ़ैल गई। सूचना पाकर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। जिसके बाद जगदीशपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर छानबीन में जुट गई। वहीं घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम को बुलाकर भी जांच करायी गई।
जांच के बाद प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का ही बताया गया। इसके बाद शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। परिजनों ने पुलिस को बताया कि किशोर दसवीं कक्षा में पढ़ता था। साथ ही वह थोड़ा मानसिक रूप से कमजोर था और अक्सर गुमशुम रहता था। घटना के समय किशोर के पिता अपने आंख का इलाज कराने नेपाल गए हुए थे। सुबह कुछ ग्रामीणों ने घर के पास ही आम के पेड़ में रस्सी के फंदे से उसे लटकता देखा। जिसके बाद घरवालों को जानकारी दी गई। मृतक चार भाइयों में तीसरे स्थान पर था। उसके पिता मजदूरी कर अपना परिवार चलाते हैं। घटना के बाद मां सहित अन्य परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था। वहीं जगदीशपुर थानाध्यक्ष अभय शंकर ने बताया कि मृतक के दादा के बयान पर यूडी केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




