शिक्षकों ने शिक्षा मंत्री को सौंपा मांगपत्र, लंबित समस्याओं पर जताई नाराजगी
सहरसा में, बिहार माध्यमिक विद्यालय अध्यापक संघ के अध्यक्ष डॉ विकास मिश्रा के नेतृत्व में शिक्षकों ने शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी को मांगपत्र सौंपा। शिक्षकों ने 10% आवास भत्ता बढ़ाने और लंबित एरियर का भुगतान करने की मांग की। संघ ने शिक्षकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने की भी आवश्यकता जताई।

सहरसा से नीरज की रिपोर्ट बिहार माध्यमिक विद्यालय अध्यापक संघ, जिला इकाई सहरसा के बैनर तले जिलाध्यक्ष डॉ विकास मिश्रा के नेतृत्व में शिक्षकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षा मंत्री श्री मिथिलेश तिवारी को मांगपत्र सौंपकर शिक्षकों की विभिन्न लंबित समस्याओं के समाधान की मांग की। इस दौरान सैकड़ों शिक्षक मौजूद रहे। डॉ विकास मिश्रा ने कहा कि नगर निगम की आठ किलोमीटर परिधि में स्थित विद्यालयों के शिक्षकों को 10 प्रतिशत आवास भत्ता देने का प्रावधान है। नगर निगम सीमा विस्तार के बाद और विद्यालयों को इसका लाभ मिलना चाहिए, लेकिन कई शिक्षकों का एचआरए 10 प्रतिशत से घटाकर 5 प्रतिशत कर दिया गया है।
उन्होंने वर्षों से लंबित एरियर भुगतान की मांग भी उठाई। संघ के सचिव हिमांशु शेखर मिश्र ने कहा कि शिक्षकों का बकाया एरियर शीघ्र भुगतान किया जाए। मीडिया प्रभारी समदर्शी कुमार ने आरोप लगाया कि कंप्यूटर शिक्षकों को पढ़ाई बाधित कर गैर-शैक्षणिक कार्यों में लगाया जा रहा है। वहीं प्रवक्ता परमेश्वर कुमार ने एचआरएमएस में नाम व पदनाम संबंधी त्रुटियों को सुधारने में हो रही परेशानी का मुद्दा उठाया। संघ नेताओं ने शिक्षकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने की भी मांग की।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


