सुपौल : गौ माता ही चारों धाम, इनकी सेवा से सबकुछ सम्भव
सुपौल, वरीय संवाददाता सनातन हिंदू धर्म में गौ माता ही चारों धाम हैं। जिसने

सुपौल, वरीय संवाददाता सनातन हिंदू धर्म में गौ माता ही चारों धाम हैं। जिसने इनकी सेवा कर ली, मानो उसने चारों धाम का तीर्थ कर लिया। गौ माता की सेवा से मानव जीवन में सबकुछ संभव है। सुख-समृद्धि व यश-वैभव व सौंदर्य सबकुछ गौ सेवा से संभव है। उक्त बातें जिला मुख्यालय स्थित श्रीराधाकृष्ण ठाकुरबाड़ी में सोमवार को जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वतीजी महाराज ने कहीं। दरअसल, वे गौ मतदाता संकल्प यात्रा के क्रम में सुपौल पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि लोगों को भ्रम हो जाता है कि वह गाय का पालन-पोषण कर रहे हैं, जबकि ऐसा वास्तव में है नहीं।
हम गाय को नहीं बल्कि गाय हमें पालती है। गाय को भारत देश में माता का दर्जा प्राप्त है और कोई भी संतान माता को नहीं पालता बल्कि माता अपनी संतान को पालती है। उन्होंने सरकारी आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि साल 2013 की पशुधन गणना के अनुसार देशभर में कुल छह लाख 80 हजार गौवंश थे, जो देसी नस्ल के थे। वहीं साल 2019 की गणना के अनुसार देश में महज एक हजार से 1500 गौवंश ही बचे। जबकि फिलहाल 2025 चल रहा है। देसी नस्ल के गौवंश लगातार देश से कम होते जा रहे हैं। उन्होंने देश की तरक्की और विकास को लेकर कहा कि, जबतक देश में गाय और गौवंश सुरक्षित रहेंगे, तभी तक देश की तरक्की संभव है। इसलिए गौवंश की रक्षा बेहद जरूरी है। विधानसभा चुनाव में निर्दल गौ भक्त प्रत्याशी उतारेंगे शंकराचार्य इसके बाद धीरे-धीरे ठाकुरबाड़ी का पूरा माहौल ही राजनैतिक हो गया। इस क्रम में जगद्गुरु शंकराचार्य ने कहा कि सामने चुनाव है। उन्होंने ठाकुरबाड़ी में मौजूद लोगों से अपील की कि, चुनाव में जो भी प्रत्याशी गौ माता की सुरक्षा के लिए शपथपूर्वक घोषणा करेगा, वोट उन्हीं को दें। उन्होंने सुपौल स्थित ठाकुरबाड़ी से बिहार में सनातनी राजनीति का शंखनाद किया। उन्होंने कहा कि बिहार की सभी सीटों विधानसभा चुनाव में निर्दल गौ भक्त प्रत्याशी मैदान में उतारेंगे। वह खुद गौ भक्तों का चुनाव प्रचार करेंगे। जगद्गुरु शंकराचार्य ने कहा कि हम सभी राष्ट्रीय पार्टी के दिल्ली कार्यालय गये। पूछा कि गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करने के लिए अपना पक्ष लोक सभा में रखिए और अपना पक्ष हमें बताइए। लेकिन किसी भी राजनीतिक दल ने अभी तक अपना पक्ष गौ माता के विषय में नहीं रखा। इसलिए अब मजबूरी में हमें बिहार विधानसभा चुनाव में गौ भक्त प्रत्याशी उतारना पड़ रहा है। शंकराचार्यजी ने यह भी घोषणा की कि वह आगामी विधानसभा चुनाव में सभी विधानसभा क्षेत्र से अपने उम्मीदवार खड़े करेंगे। उन्होंने कहा कि नामांकन की प्रक्रिया पूरी हो जाने के बाद औपचारिक रूप से यह बताया जाएगा कि कौन-कौन उम्मीदवार उनकी तरफ से चुनाव लड़ रहे हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




