सुपौल : विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत, घर में पड़ा शव बरामद
राघोपुर । एक प्रतिनिधि एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना

राघोपुर । एक प्रतिनिधि एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना शुक्रवार देर रात राघोपुर थाना क्षेत्र की रामविशनपुर पंचायत स्थित वार्ड सात की है। मृतका की पहचान रामविशनपुर पंचायत के वार्ड सात निवासी सुंदर मुखिया की पत्नी कौशल्या देवी (35) के रूप में हुई है। उसका शव घर में चौकी पर पड़ा मिला और गले में रस्सी के फंदे का निशान था। जबकि घटना के बाद से ही पति समेत ससुराल पक्ष के सभी लोग घर से फरार हैं। घटना को लेकर मृतका के भाई शंकर मुखिया ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। शंकर ने बताया कि शुक्रवार रात उसकी बहन कौशल्या ने फोन कर अपनी जान का खतरा बताया था।
बकौल शंकर, मेरी बहन ने फोन पर रोते हुए कहा था कि पति, सास-भैंसुर समेत अन्य लोग मिलकर उसके साथ मारपीट कर रहे हैं। उसने गुहार लगाई थी कि भैया जल्दी आ जाइए, वरना ये लोग मुझे जान से मार देंगे। वहीं शनिवार सुबह जब परिजन कौशल्या के घर पहुंचे तो कौशल्या देवी का शव घर में पड़ा मिला। बताया जाता है कि मृतका की शादी करीब 15 साल पहले हुई थी। मृतका को तीन पुत्र हैं। इस हृदयविदारक घटना ने तीन अबोध बच्चों के सिर से मां का साया छीन लिया है। मृतका के तीनों बेटे गौतम कुमार (10), गौरव कुमार (5) और रोशन कुमार (4) मां के शव के पास बिलख रहे थे। जिसे देख वहां मौजूद हर किसी की आंखें नम हो रही थीं। मृतका का भाई तीनों बच्चों को साथ लेकर चला गया। इधर, घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची राघोपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सुपौल भेज दिया। घटना को लेकर राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्ट्या मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए विभिन्न पहलुओं पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल मृतका के परिजनों ने आवेदन नहीं दिया है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


