लखीसराय : धान की फसल के लिए यह बारिश संजीवनी

लखीसराय : धान की फसल के लिए यह बारिश संजीवनी

संक्षेप:

लखीसराय में मंगलवार को मौसम अचानक बदल गया और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हुई। किसानों के लिए यह बारिश धान की फसल के लिए फायदेमंद साबित हो रही है। हालांकि, बारिश के कारण शहर में जलजमाव और यातायात में...

Sep 16, 2025 05:39 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, भागलपुर
share

लखीसराय। एक प्रतिनिधि जिले में मंगलवार दोपहर से मौसम का मिजाज अचानक बदल गया और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे किसानों के चेहरे खिल उठे। विशेषकर धान की फसल के लिए यह बारिश संजीवनी साबित हो रही है। कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि समय पर हुई इस वर्षा से खेतों में नमी बढ़ेगी, जिससे धान की बढ़वार और उत्पादन दोनों में लाभ मिलेगा। लगातार सूखे जैसे हालात से चिंतित किसान अब राहत की सांस ले रहे हैं।हालांकि, इस बारिश से जहां किसानों को फायदा हुआ है वहीं आम लोगों की परेशानियां भी बढ़ गई हैं।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

बारिश के चलते शहर की सड़कों और गलियों में जगह-जगह जलजमाव हो गया है। इससे आवागमन प्रभावित हुआ है। स्कूल जाने वाले बच्चों, दफ्तर आने-जाने वाले लोगों और बाजार के लिए निकलने वाले ग्राहकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर जलभराव से वाहन फंसे रहे और लोगों को पैदल ही कीचड़ और गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ा। उधर, विश्वकर्मा पूजा को लेकर बाजार सज-धज कर तैयार था लेकिन बारिश ने रौनक फीकी कर दी। भीगने और फिसलन की वजह से ग्राहकों की संख्या में कमी देखी गई। दुकानदारों का कहना है कि मौसम साफ रहने पर कारोबार अच्छा होता, लेकिन बारिश की वजह से बिक्री पर असर पड़ा है।फिलहाल मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे तक हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। किसानों के लिए यह राहत का संदेश है लेकिन नगरवासियों को जलजमाव और यातायात अवरोध जैसी समस्याओं से जूझना पड़ सकता है। कुल मिलाकर बारिश ने किसानों को राहत दी है, मगर आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।