
युवा अभिव्यक्ति कार्यशाला के समापन पर पुरस्कृत हुए कलाकार
डीएम ने कार्यशाला का किया उद्धाटन 150 से अधिक युवाओं ने प्रशिक्षण प्राप्त किया
भागलपुर, मुख्य संवाददाता। कला, संस्कृति एवं युवा विभाग तथा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित युवा अभिव्यक्ति कार्यशाला अंतर्गत महिला कलाकारों के लिए मंजूषा चित्रकला कार्यशाला, फोटोग्राफी कार्यशाला, मंच संचालन कार्यशाला तथा नाटक कार्यशाला का आयोजन विगत एक माह से आम्रपाली कला प्रशिक्षण केंद्र में शृंखलाबद्ध तरीके से आयोजित की जा रही थी। जिसका सफलतापूर्वक समापन शनिवार को भागलपुर संग्रहालय स्थित अंग सांस्कृतिक भवन के प्रेक्षागृह में किया गया। कार्यशाला के समापन कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी (डीएसीओ) अंकित रंजन और शिक्षाविद राजीव कान्त मिश्रा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
डीएसीओ ने अपने स्वागत संबोधन में विगत एक माह से चल रहे युवा अभिव्यक्ति कार्यशाला का परिचय देते हुए कहा कि 25 जुलाई से 30 अगस्त तक इस कार्यशाला में 150 से अधिक युवाओं ने प्रशिक्षण प्राप्त किया है। जिसमें कुल 11 कला वरिष्ठ कलाकार और प्रशिक्षकों ने सहभागी युवाओं को अपने-अपने कला शैली से अवगत कराया। मुख्य अतिथि सह उद्घाटनकर्ता डीएम डॉ. नवल किशोर चौधरी ने कहा कि यदि मनुष्य से उसका इमोशन्स हटा लिया जाए तो वह एक मानव नहीं रह जाता बल्कि, मशीन की तरह हो जाता है। उसी तरह यदि किसी मशीन में सोचने, समझने और अनुभव करें कि क्षमता पल्लवित हो जाए तो वह एक मानव के समान बन जाता है। राजीवकान्त मिश्रा ने जिला प्रशासन और कला संस्कृति एवं युवा विभाग को धन्यवाद देते हुए कहा कि ये चारों कार्यशाला युवाओं के स्किल को बढ़ाने में मदद करेगी और इस तरह कि गतिविधियों से युवाओं को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे। महिला कलाकारों की प्रदर्शनी को मिली सराहना समापन समारोह के इस कार्यक्रम में विविध कार्यशालाओं के सहभागी प्रशिक्षुओं के कलात्मक अभिव्यक्ति भी विविध माध्यमों में प्रदर्शित की गई। महिला कलाकारों द्वारा चित्रित मंजूषा कला तथा युवा फोटोग्राफर्स द्वारा कार्यशाला में खींचे गए फोटोग्राफ की प्रदर्शनी भी लगाई गई। मंच संचालन कार्यशाला के सहभागियों ने समापन समारोह में मंच संचालन का कार्य किया और नाटक कार्यशाला के सहभागियों ने अपनी नाटक ‘चाय का हाता का मंचन भी किया। सभी प्रशिक्षकों को अंकित रंजन द्वारा प्रशस्ति पत्र तथा स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया साथ ही 150 से अधिक सहभागियों को सफल सहभागिता के लिए प्रमाण पत्र भी दिया गया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




