खगड़िया : परिभ्रमण के लिए पटना रवाना हुए स्कूली छात्र व छात्राएं
मुख्यमंत्री परिभ्रमण योजना के तहत चौथम प्रखंड के मध्य विद्यालय शर्मा टोला मोहनिया के छात्र-छात्राएं पटना के लिए रवाना हुए। इस यात्रा का उद्देश्य बच्चों को व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करना है। उन्हें पटना के संजय गांधी जैविक उद्यान, गोलघर और विज्ञान केंद्र का अवलोकन कराया जाएगा। यह योजना ग्रामीण बच्चों के लिए लाभकारी है।

चौथम। मुख्यमंत्री परिभ्रमण योजना के तहत चौथम प्रखंड अंतर्गत मध्य विद्यालय शर्मा टोला मोहनिया के छात्र-छात्राएं को शैक्षणिक भ्रमण पर पटना के लिए रवाना हुए। इस मौके पर जिला परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष मिथलेश यादव ने बस को हरी झंडी दिखाकर छात्रों को शुभ यात्रा की कामना की। विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल रहा और बच्चों के चेहरे पर भ्रमण को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। हेडमास्टर जयजय राम यादव ने शनिवार को बताया कि इस परिभ्रमण का मुख्य उद्देश्य बच्चों को कक्षा के बाहर भी व्यावहारिक ज्ञान उपलब्ध कराना है, ताकि वे ऐतिहासिक, वैज्ञानिक और पर्यावरणीय स्थलों को नजदीक से देख सकें।
उन्होंने कहा कि भ्रमण के दौरान छात्रों को पटना स्थित संजय गांधी जैविक उद्यान, गोलघर एवं विज्ञान केंद्र का अवलोकन कराया जाएगा, जिससे उनके ज्ञान और समझ में वृद्धि होगी। उन्होंने आगे बताया कि मुख्यमंत्री परिभ्रमण योजना विद्यार्थियों के बौद्धिक विकास में सहायक है। इससे बच्चों में नई चीजें सीखने की जिज्ञासा बढ़ती है और उनका मानसिक व शैक्षणिक विकास होता है। विद्यालय परिवार ने सभी छात्रों की सुरक्षित यात्रा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की हैं तथा शिक्षकों की निगरानी में बच्चों को भेजा गया है। इस अवसर पर मिथलेश यादव ने कहा कि सरकार की यह योजना ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों के लिए बेहद लाभकारी साबित हो रही है। “परिभ्रमण से बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ता है और उन्हें बड़े शहरों की शैक्षणिक व सांस्कृतिक विरासत को समझने का मौका मिलता है। आज के बच्चे ही देश का भविष्य हैं, इसलिए उनकी शिक्षा के साथ-साथ ऐसे अनुभव भी जरूरी हैं, जो उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा दें। उन्होंने छात्रों से मन लगाकर पढ़ाई करने और भ्रमण के दौरान नई जानकारियां हासिल करने की अपील की। साथ ही शिक्षकों से बच्चों की सुरक्षा और मार्गदर्शन पर विशेष ध्यान देने को कहा। इस मौके पर शिक्षक दिनेश शर्मा, शिक्षिका मीरा देवी के अलावा ग्रामीण अभिभावक ग्रामीण मिस्टर आलम, राज कुमार साह, रवि पासवान, देवराम शर्मा, प्रकाश मिस्त्री, जहूर उद्दीन, जफर उद्दीन, छोटू यादव आदि मौजूद थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


