अररिया : जिले के 25 लोगों की संपत्ति जब्त करने की तैयारी में पुलिस प्रशासन
फारबिसगंज में आयोजित शांति समिति की बैठक में नशा कारोबार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का संकेत मिला। एसपी जितेंद्र कुमार ने कहा कि जिले के 25 लोगों की संपत्ति जब्ती का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। यदि अवैध संपत्ति का स्रोत स्पष्ट नहीं हुआ, तो उसे जब्त किया जाएगा। लोगों से नशा मुक्त जिले के लिए सहयोग की अपील की गई।

फारबिसगंज से अमरेन्द्र कुमार की रिपोर्ट गुरुवार की देर रात आयोजित शांति समिति की बैठक में नशा कारोबार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के संकेत मिले। बैठक के दौरान एसपी जितेंद्र कुमार ने स्पष्ट कहा कि पुलिस की हर गतिविधि पर पैनी नजर है और जिले के 25 लोगों के खिलाफ संपत्ति जब्ती का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। इस संबंध में कोर्ट से नोटिस की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। एसपी ने कहा कि जिन लोगों ने अवैध कमाई से मकान या अन्य संपत्ति अर्जित की है, उन्हें उसकी वैध जानकारी देनी होगी। यदि वे संपत्ति का स्रोत स्पष्ट नहीं कर पाते हैं, तो कानून के तहत उनकी संपत्ति जब्त की जाएगी।
उन्होंने दो टूक कहा कि बिना वैध स्रोत बताए किसी भी संपत्ति को बख्शा नहीं जाएगा और पूरी कार्रवाई विधिसम्मत तरीके से की जा रही है। उन्होंने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि यदि पुलिस और जनता मिलकर ठोस रणनीति बनाएं, तो जिले को पूरी तरह नशा मुक्त किया जा सकता है। बैठक में मौजूद विभिन्न समुदायों के लोगों ने भी नशा के खिलाफ संयुक्त पहल की जरूरत पर जोर दिया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


